रक्सौल के काली मंदिर की ओर से ‘काली सेना’ का गठन,पार्वती  बनीं राष्ट्रीय प्रमुख

रक्सौल के काली मंदिर की ओर से ‘काली सेना’ का गठन,पार्वती  बनीं राष्ट्रीय प्रमुख
Facebook WhatsApp



रक्सौल। महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक उत्थान के उद्देश्य से शुक्रवार को रक्सौल स्थित प्रसिद्ध काली मंदिर परिसर में महिला संगठन ‘काली सेना’ का गठन किया गया। इस अवसर पर सैकड़ों महिलाओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को खास और ऐतिहासिक बना दिया। आयोजन काली मंदिर के पीठाधीश्वर सेवक संजय नाथ के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
सेवक संजय नाथ ने बताया कि काली सेना पूरी तरह महिलाओं द्वारा संचालित संगठन होगा। इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और समाज में व्याप्त लैंगिक भेदभाव, यौन उत्पीड़न व अन्य अत्याचारों के खिलाफ सशक्त आवाज उठाना है। संगठन शिक्षा, स्वास्थ्य, कानूनी सहायता, सुरक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य करेगा।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि काली सेना से जुड़ने वाली महिलाओं को काली न्यास द्वारा संचालित अस्पताल में इलाज पर 50 प्रतिशत की विशेष छूट दी जाएगी, ताकि स्वास्थ्य सुविधाएं अधिक सुलभ हो सकें।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा महिला मोर्चा, रक्सौल जिला की महामंत्री पार्वती तिवारी को काली सेना का राष्ट्रीय प्रमुख नियुक्त किया गया। अपने संबोधन में पार्वती तिवारी ने कहा कि आज भी समाज में महिलाओं को दबाने और उन पर अत्याचार करने की मानसिकता मौजूद है, लेकिन हर महिला के भीतर मां काली और मां दुर्गा की शक्ति सम्माहित है। काली सेना महिलाओं को अपनी क्षमताओं को पहचानने और आगे बढ़ने का मंच प्रदान करेगी।
उन्होंने बताया कि संगठन के माध्यम से महिलाओं को कुटीर उद्योगों से जोड़ा जाएगा, जिससे उन्हें रोजगार के अवसर मिलें और वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें। काली सेना का लक्ष्य महिलाओं को कमजोर नहीं, बल्कि आत्मविश्वासी,स्वावलम्बी,आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है।
इस अवसर पर संगठन के अन्य पदाधिकारियों की भी घोषणा की गई। पूर्णिमा देवी को राष्ट्रीय सह प्रमुख, रिंकू देवी को सचिव, रामकली देवी को सह सचिव, नीलू देवी को संगठन सह सचिव, आसमा खातून को संगठन मंत्री तथा पूजा देवी को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page