डकैती कांड का मुख्य आरोपित हथियार समेत गिरफ्तार
मोतिहारी/पीपराकोठी। पूर्वी चंपारण के एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर जिले भर में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पीपराकोठी थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर पीपराकोठी थाना क्षेत्र में एनएच-28 स्थित चांद सरैया फ्लाई ओवर समीप घेराबंदी कर एक शातिर अपराधी को अवैध हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अपराधी की पहचान महुअवा निवासी आशीष बाबू उर्फ गोलू कुमार के रूप में हुई है।
पीपराकोठी थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि एक कुख्यात अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में इलाके में सक्रिय है। सूचना के आलोक में त्वरित कारवाई करते हुए चांद सरैया फ्लाई ओवर के नीचे सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही युवक भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उसे चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया। जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके कमर से एक लोडेड देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
गिरफ्तार अपराधी आशीष बाबू उर्फ गोलू के आपराधिक इतिहास है। उसके विरूद्ध जिले के कोटवा थाना कांड संख्या-200/23 (डकैती कांड) का मामला दर्ज है।जिसके बाद वह लगातार फरार चल रहा था। ऐसा माना जा रहा है,कि वह एक बार फिर किसी बड़ी लूट की घटना को अंजाम देने की फिराक में था। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर इसके बैकवर्ड व फरवर्ड लिंकेज को खंगालने में जुटी है। पुलिस के इस अभियान में थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार,एसआई धनंजय कुमार,एसआई नन्दलाल पासवान और पीपराकोठी थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

