मनुष्य का भाव सरल हो तो भगवान का मिलना कठिन नही: अनिरुद्धाचार्य
-श्रीमद् भागवत सुनने को उमड़ रही भारी भीड़
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन मुस्तैद
रक्सौल। भगवान का मिलना कठिन नहीं है, आपका सरल होना कठिन है। सबरी मां को भगवान क्यों मिले, क्योंकि उनके भाव सरल थे, भगवान को पाना आसान है, जब आपका भाव सरल हो। ये बातें श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान महायज्ञ के तीसरे दिन देश के प्रसिद्ध कथावाचक सह गौरी गोपाल आश्रम के संस्थापक अनिरुद्धाचार्य जी महाराज ने रक्सौल के हवाई अड्डा परिसर में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा में कहीं।
कहा कि कलयुग का वास कहां होता है, जहां जुआ एवं शराब है। यदि आप इनके पास जाते है तो सर्वनाश तय है।कहा कि यहां शराब बंद है, इसलिए बिहार विकास कर रहा है। यदि आप जीवन में किसी दूसरे का सहारा बनते है तो भगवान आपका सहारा बनेगें।गृहस्थ का सदा धर्म रहा है कि दरवाजे पर आए अतिथि का स्वागत-सम्मान करें।

भागवत कथा के दौरान कई प्रसंगों के माध्यम से गौरी गोपाल आश्रम के संस्थापक अनिरूद्धाचार्य महाराज अपने भजनों के माध्यम से भक्तों को झुमाये और कई प्रसंगों का उदाहरण देते हुए भागवत के माध्यम से जीवन जीने का मूल मंत्र दिया।गौरी गोपाल आश्रम के माध्यम से की जाने वाली सेवा के बारें में बताया। उल्लेखनीय
है कि रक्सौल में 5 फरवरी से लेकर 11 फरवरी तक श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन होगा।
भागवत कथा के आयोजन में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, लिहाजा एसडीएम मनीष कुमार डीएसपी मनीष आनंद के साथ कथा स्थल से लेकर कथा स्थल तक पहुंचने वाले मार्ग में दंडाधिकारियों सहित पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

