चुनाव कार्य में लापरवाही बरतने वाले चार मतदान कर्मी निलंबित

चुनाव कार्य में लापरवाही बरतने वाले चार मतदान कर्मी निलंबित
Facebook WhatsApp


-सुगौली के बूथ संख्या 219 का है मामला

सुगौली। 11 सुगौली विधानसभा क्षेत्र में एक बूथ पर मतदान कार्य मे लापरवाही बरतने के मामले में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी ने चार मतदानकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।मतदान के अगले दिन बूथ परिसर में बड़ी संख्या में वीवीपैट की पर्चियां मिलने के मामले को लेकर पूरे जिले में हड़कम्प मच गई। जिसको मीडिया द्वारा प्रमुखता से उठाए जाने के बाद जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी ने तुरंत संज्ञान लिया और चार मतदान कर्मियों को निलंबित कर दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार सुगौली नगर के उत्क्रमित मध्य विद्यालय निमुई के बूथ संख्या 219 दक्षिणी भाग पर मतदान समाप्त होने के बाद अगले दिन सुबह स्कूल परिसर में वीवीपैट की कुल 172 पर्चियां पायी गई। ग्रामीणों ने जब इसे देखा तो, वे आक्रोशित हो उठे और हो हंगामा शुरू हो गया। लोगों ने इस तरह की लापरवाही को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए बेहद खतरनाक बताते हुए मतदान की पारदर्शिता पर सवाल खड़े किए। लेकिन सूचना मिलते हीं सदर एसडीओ श्वेता भारती और बीडीओ नूतन किरण बूथ पर तुरन्त पहुचीं। अधिकारियों ने पूरे परिसर का निरीक्षण किया और प्रारम्भिक जांच शुरू की। टीम ने लापरवाही के कारणों की पड़ताल करते हुए पाया कि मतदान कर्मियों द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया था, जिसकी वजह से यह विसंगति सामने आई।

इसको लेकर डीएम ने सख्त निर्देश दिया था कि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की चूक को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पीठासीन अधिकारी सहित चारों मतदान कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं अगली कार्रवाई के लिए विभागीय जांच का आदेश दिया गया है। इसके साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न हो, इसके लिए तकनीकी और प्रशासनिक प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करेंगे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page