वैभव के शानदार प्रदर्शन से टीम इंडिया ने रिकॉर्ड छठी बार जीता U-19 वर्ल्ड कप

वैभव के शानदार प्रदर्शन से टीम इंडिया ने रिकॉर्ड छठी बार जीता U-19 वर्ल्ड कप
Facebook WhatsApp

हरारे। भारत ने अंडर 19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड अंडर 19 टीम को हरा दिया और 100 रन से जीत दर्ज की। भारत को इस मैच में वैभव सूर्यवंशी की शतकीय पारी और फिर शानदार गेंदबाजी के दम पर जीत मिली। आयुष म्हात्रे की कप्तानी में भारत ने कमाल का प्रदर्शन किया और एक बार फिर से चैंपियन बनी।

अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में शुक्रवार (6 फरवरी) को हरारे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में भारत का सामना इंग्लैंड से हुआ। इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और 50 ओवर में 9 विकेट पर 411 रन बनाए। इंग्लैंड को जीत के लिए 412 रन का टारगेट मिला था, लेकिन ये टीम 40.2 ओवर में 311 रन पर ऑल आउट हो गई और मैच गंवा दिया।

भारत ने इस सीजन में अपने सभी मैच यानी सातों मुकाबले जीते और बिना हारे खिताब पर कब्जा जमाया। भारत ने इससे पहले साल 2022 में फाइनल में इंग्लैंड को हराया था और एक बार फिर से साल 2026 में भारत ने इंग्लिश टीम को हराते हुए वर्ल्ड चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। 2026 से पहले भारत ने साल 2000, 2008, 2012, 2018 और 2022 में वर्ल्ड चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था। आयुष म्हात्रे ने ये खिताब जीतकर विराट कोहली, मोहम्मद कैफ, पृथ्वी शॉ, यश ढुल, उन्मुक्त चंद की बराबरी कर ली।

भारत की पारी, वैभव ने बनाए 175 रन
भारत के लिए वैभव सूर्यवंशी ने 80 गेंद पर 175 रन बनाए और अपनी पारी में 15 चौके और 15 छक्के लगाए। आयुष म्हात्रे ने 53 रन बनाए। अभिज्ञान कुंडू ने 31 गेंद पर 40 और कनिष्क चौहान ने 20 गेंद पर 37 रन बनाए। एरोन जॉर्ज ने 9, खिलान पटेल ने 3 और हेनिल पटेल ने 5 रन बनाए। दीपेश देवेंद्रन बगैर खाता खोले नाबाद रहे। इंग्लैंड के लिए जेम्स मिंटो ने 3 विकेट लिए। एलेक्स ग्रीन और सेबेस्टियन मॉर्गन ने 2-2 विकेट लिए जबकि मैनी लम्सडेन ने 1 विकेट लिया।

इंग्लैंड की पारी, कालेब फाल्कनर का शतक
इंग्लैंड के ओपनर बेन डॉकिन्स ने 66 रन की पारी खेली जबकि जोसेफ मूरेस ने 17 रन बनाए। इसके बाद बेन मेयस ने संघर्ष किया और 45 रन पर विकेट गंवा दिया। कप्तान थॉमस रीव 31 रन पर आउट हुए जबकि राल्फी अल्बर्ट और सेबेस्टियन मॉर्गन खाता भी नहीं खोल पाए। फरहान अहमद ने एक रन पर अपना विकेट खोया। कालेब फाल्कनर ने 26 गेंदों पर छक्के के साथ अर्धशतक पूरा किया और फिर 63 गेंदों पर शतक लगाया साथ ही 115 रन बनाकर आउट हुए। भारत के लिए आर एस अंबरीश ने 3, दीपेश देवेंन्द्रन और कनिष्क चौहान ने 2-2 जबकि खिलान पटेल और आयुष म्हात्रे ने एक-एक विकेट लिए।

इंग्लैंड अंडर-19 प्लेइंग इलेवन- बेन डॉकिन्स, जोसेफ मूरेस, बेन मेयस, थॉमस रीव (विकेटकीपर/कप्तान), कालेब फाल्कनर, राल्फी अल्बर्ट, फरहान अहमद, सेबेस्टियन मॉर्गन, जेम्स मिंटो, मैनी लम्सडेन, एलेक्स ग्रीन।

भारत अंडर-19 प्लेइंग इलेवन- एरोन जॉर्ज, वैभव सूर्यवंशी, आयुष म्हात्रे (कप्तान), विहान मल्होत्रा, वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), आरएस अंबरीश, कनिष्क चौहान, खिलान पटेल, हेनिल पटेल, दीपेश देवेंद्रन।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page