भारी बारिश के कारण नहीं हो सका प्रस्तावित सूर्य किरण का प्रदर्शन
मोतिहारी।भारतीय वायुसेना की प्रतिष्ठित ‘सूर्य किरण एरोबेटिक टीम’ का गांधी मैदान में प्रस्तावित भव्य एयर शो आज खराब मौसम के कारण स्थगित हो गया। एयर शो को लेकर गांधी मैदान में सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई थीं तथा लोगों में इस रोमांचक आयोजन को लेकर खासा उत्साह और उत्सुकता थी।
सांसद एवं पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने कहा कि सूर्य किरण एरोबेटिक टीम द्वारा एयर शो से पूर्व किए गए शानदार रिहर्सल ने लोगों के उत्साह को और बढ़ा दिया था। रिहर्सल के दौरान आसमान में भारतीय वायुसेना के विमानों की रोमांचक कलाबाजियों ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरे क्षेत्र में एयर शो को लेकर उत्साह का वातावरण बन गया था, लेकिन आज खराब मौसम एवं प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण निर्धारित एयर शो का प्रदर्शन संभव नहीं हो सका।
श्री सिंह ने कहा कि यदि मौसम अनुकूल रहा तो भारतीय वायुसेना की ‘सूर्य किरण एरोबेटिक टीम’ द्वारा भव्य एयर शो का प्रदर्शन कल, 25 सितम्बर को सुबह में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सूर्य किरण टीम का प्रदर्शन लोगों के लिए रोमांच और गौरव का अद्भुत अनुभव होगा।

