दीपावली के उल्लास में डूबा महाकाल का दरबार में भस्म आरती से हुई त्योहार की शुरुआत

दीपावली के उल्लास में डूबा महाकाल का दरबार में भस्म आरती से हुई त्योहार की शुरुआत
Facebook WhatsApp

उज्जैन। मध्य प्रदेश में दीपावली का पावन पर्व पर उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। घरों से लेकर मंदिरों तक दीपोत्सव की रौनक दिखाई दे रही है। रविवार को तड़के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर मंदिर में इसकी शुरुआत हुई।प्रदेशवासी सुबह से एक दूसरे को सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना के साथ रोशनी के पर्व की शुभकामनाएं दे रहे हैं।

धर्मनगरी उज्जैन में दीपावली का उत्साह कुछ खास नजर आया। यहां आज तड़के भस्म आरती के दौरान भगवान महाकाल काे अभ्यंग स्नान कराया गया। पुजारी परिवार की महिलाओं और बच्चों ने बाबा को उबटन लगाया, वहीं पुजारियों ने गर्म जल से स्नान कराया। इसके बाद भगवान को अन्नकूट का भोग अर्पित किया गया।

दीपावली के अवसर पर मंदिर की परंपरा के अनुसार, आरती के दौरान फुलझड़ी जलाकर उत्सव की शुरुआत की गई। मंदिर में दिवाली पर होने वाली चारों आरतियों में फुलझड़ी जलाने की परंपरा है। इसमें प्रात:कालीन भस्म आरती, अभ्यंग स्नान के बाद होने वाली आरती, संध्या आरती और शयन आरती शामिल हैं। प्रत्येक आरती में एक-एक फुलझड़ी जलाई जाती है।महाकाल मंदिर में त्योहार सबसे पहले मनाने की परंपरा रही है।

दीपावली पर भी धार्मिक विधि-विधान के साथ बाबा महाकाल के पूजन और अभ्यंग स्नान से पर्व का शुभारंभ हुआ। भस्म आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। परंपरागत पूजन और आरती के बीच पूरा मंदिर परिसर शिवमय नजर आया। देश के अलग-अलग हिस्सों से उज्जैन पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए दीपावली पर बाबा महाकाल के दर्शन विशेष आस्था का केंद्र रहे।

राजधानी भोपाल में त्योहार को लेकर घरों से लेकर बाजारों तक उत्सवी माहौल है। सुबह से ही लोग पूजा की तैयारियों, घरों की सजावट और दीप जलाने की तैयारी में जुटे हुए हैं। शाम होते ही शहर के घर, प्रतिष्ठान और बाजार दीयों तथा रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाएंगे। घरों में शुभ मुहूर्त में भगवान गणेश और माता लक्ष्मी की पूजा-अर्चना होगी। इसके बाद आतिशबाजी के साथ दीपावली का उत्सव मनाया गया।.

दीपावली के अवसर पर प्रदेश के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी विशेष उत्साह देखा जा रहा है। मंदिरों में पूजा-अर्चना के साथ घरों और प्रतिष्ठानों में लक्ष्मी-गणेश पूजन की तैयारियां की गईं। बाजारों में खरीदारी और साज-सज्जा से रौनक बनी हुई है। दीपावली केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि आस्था, परंपरा और खुशियों को साझा करने का अवसर भी है। मध्य प्रदेश में इस पर्व पर धार्मिक उल्लास और उत्सवी रंग एक साथ दिखाई दे रहे हैं।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page