दीपावली पर महादलित बस्ती में पहुंचे एसडीओ-एसडीपीओ, बांटी खुशियां, बच्चों को दी गई पठनीय सामग्री
रक्सौल। दीपावली के शुभ अवसर पर सामाजिक सौहार्द एवं खुशियां साझा करने की पहल के तहत पूर्वी चंपारण के अनुमंडल पदाधिकारी नागमणि कुमार वर्मा एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम धनगढ़वा कौड़ीहार स्थित महादलित बस्ती पहुंची। यहां अधिकारियों ने महादलित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें दीपावली एवं लोक आस्था के महापर्व छठ की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर अधिकारियों ने महादलित परिवारों के बीच दीपावली का उपहार वितरित किया। वहीं, बस्ती के बच्चों के बीच कॉपी, पेंसिल एवं अन्य पठन-पाठन सामग्री का वितरण किया गया। उपहार एवं शैक्षणिक सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। एसडीओ नागमणि कुमार वर्मा एवं एसडीपीओ मनीष आनंद ने लोगों के साथ त्योहार की खुशियां साझा करते हुए आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
अधिकारियों की इस पहल से महादलित बस्ती के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासन ने समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के बीच पहुंचकर त्योहार की खुशियां बांटने और बच्चों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया।

