मनसफ हत्याकांड में चार गिरफ्तार,एसपी ने किया घटनास्थल की जांच
मोतिहारी/हरसिद्धि। थाना क्षेत्र के मुरारपुर पंचायत के सरिसवा गांव में गुरुवार की देर रात बाइक सवार अपराधियों ने 45 वर्षीय मनसफ अंसारी की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक सरिसवा निवासी स्वर्गीय भिखारी मियां का पुत्र बताया जाता है।
मिली जानकारी के अनुसार मनसफ अपने साथी ममनून अहमद के साथ औरैया से भोज खाकर घर लौट रहा था। तभी घर से महज 200 मीटर की दूरी पर दो बाइक सवार अपराधियों ने पीछा करते हुए सिर में गोली मार दी। मौके पर ही मनसफ की मौत हो गई जबकि ममनून अहमद बाइक सहित गिर पड़े। अपराधी उनकी बाइक लेकर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी रवि कुमार और थानाध्यक्ष सर्वेद्र कुमार सिन्हा दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया।
वही शुक्रवार की सुबह पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात भी सरिसवा गांव पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की। मृतक के पुत्र तौसीफ आलम ने बताया कि हत्या का मुख्य आरोपी जेल में बंद कुख्यात अपराधी कमरुद्दीन मियां है। तौसीफ के अनुसार, पंचायत चुनाव के
दौरान कमरुद्दीन की पत्नी फरजाना खातून मुरारपुर से प्रत्याशी थीं, परंतु उनका परिवार चुनाव में उनका साथ नहीं दिया था। इसी बात से नाराज होकर कमरुद्दीन मियां ने कई बार धमकी दी थी और अंततः अपने गुर्गों से मेरे पिता मनसफ अंसारी की हत्या करवा दी।
एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि हाल में कमरुद्दीन मियां और उनकी पत्नी के घर से हथियार बरामदगी हुई थी, जिसके बाद दोनों को जेल भेजा गया। जांच के दौरान कमरुद्दीन ने झूठे आरोप लगाकर मनसफ अली का नाम मामले में जोड़ा था, लेकिन डीएसपी रवि कुमार की जांच में मनसफ निर्दोष पाए गए। इसी प्रतिशोध में जेल में बंद कमरुद्दीन ने अपने शूटरों के माध्यम से हत्या की साजिश रची। पुलिस ने इस हत्याकांड में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
जिसमे मुरारपुर निवासी मोहम्मद इजहार, औरैया निवासी कलाम अंसारी,सरिसवा निवासी रहमत अंसारी, मुंबई निवासी सलमान मिस्त्री (कमरुद्दीन का साला) एसपी स्वर्ण प्रभात ने मामले के त्वरित खुलासे के लिए विशेष जांच दल का भी गठन किया है।
इसमें अरेराज डीएसपी रवि कुमार, साइबर डीएसपी अनुभव पराशर, हरसिद्धि थानाध्यक्ष सर्वेद्र कुमार सिन्हा, तुरकौलिया एवं गोविंदगंज थानाध्यक्ष शामिल हैं।पुलिस की तकनीकी व एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की जांच में जुटी है।घटना को लेकर परिजनों में मातम और गांव में तनाव व्याप्त है। एसपी स्वर्ण प्रभात ने मृतक परिवार की सुरक्षा के लिए सुरक्षा गार्ड तैनात करने और पुलिस बल को गांव में बनाए रखने का निर्देश दिया है।

