पुलिस ने सद्दाम हत्याकांड का किया खुलासा,पैसे के लेन-देन में हुई हत्या
मोतिहारी। जिले के बंजरिया थाना क्षेत्र के चैलाहां टाल निवासी मोख्तार हुसैन अंसारी के एकलौते पुत्र सद्दाम हत्या मामले की अनसुलझी गुत्थी को पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर सुलझाने में सफलता पायी है।
इस दर्दनाक हत्याकांड का खुलासा करते हुए डीएसपी सदर दिलीप कुमार ने बताया कि सद्दाम की हत्या पैसे की लेन देन में उसके दोस्त ने ही कर दी।पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी राशिद अंसारी समेत सात लोगो को गिरफ्तार किया है।साथ ही हत्या में प्रयुक्त पिस्टल,एक कारतूस,एक कार और 9 स्मार्टफोन के साथ मृतक का बाइक बरामद किए हैं।

सदर डीएसपी दिलीप कुमार ने बताया कि घटना का मास्टरमाइंड राशिद अंसारी है जो मृतक सद्दाम का करीबी दोस्त था।राशिद ने क्रिकेट सट्टेबाजी के लिए सद्दाम से 10 लाख रुपए उधार लिया था जिसमें से मात्र 2 लाख लौटाया था। बाकी 8 लाख रुपए की मांग सद्दाम राशिद से कर रहा था।इसके बदले राशिद ने सद्दाम को चेक भी दिया था।लेकिन राशिद उस राशि को गबन करने की नीयत से सद्दाम की हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम दिया। पुलिस ने सद्दाम की बाइक के डिक्की से राशिद के हस्ताक्षर वाला 3 लाख का ब्लैंक चेक भी बरामद किया है
डीएसपी ने बताया कि राशिद और उसके साथी सद्दाम की हत्या रघुनाथपुर स्थित उसके दुकान पर करने की योजना बनायी थी,लेकिन वहां भीड़-भीड़ होने के कारण इसके लिए इन लोगो ने चैलाहां के रतनपुर रोड स्थित राहुल के क्लिनिक को चुना फिर राहुल की मदद से उसके क्लिनिक में घटना को अंजाम दिया। घटना के पूर्व राशिद ने सद्दाम को फोन कर एक जमीन विवाद के निपटारे के बहाने उसे क्लिनिक पर बुलाया। जब सद्दाम बाइक से वहां पहुंचा,तो क्लिनिक में पहले से मौजूद साथियों ने उसे हथियार के बल पर बेड पर लिटा दिया। पहले शिवम ने उस पर पिस्टल चलाई,लेकिन वह कामयाब नही हो सका तो फिर सचिन कुमार ने सद्दाम के माथे और पेट में गोली मार दी।
इस दौरान सद्दाम से हाथापाई भी हुई,जिसमे राहुल के हाथ पर खरोंच आई,तो उसने फारेसिंक व बायोमीट्रिक जांच में इसके खुलासे होने के डर से सद्दाम की अंगुली सर्जरी ब्लेड से काट दी।हत्या के बाद आरोपियों ने सद्दाम का मोबाइल,कटे अंगुली,उसकी गाड़ी की चाबी और खोखा धनौती नदी में फेंक दिया और शव को कार की डिक्की में रखकर प्लाईवुड फैक्ट्री के पास झाड़ियों में फेंक दिया।
इसके बाद इन लोगो ने सबूत मिटाने ख्याल से हॉस्पिटल के कमरे को भी धोया और खून लगे कपड़े को हाॅस्पिटल परिसर में ही जला दिया।पुलिस को गुमराह करने की नीयत से इन लोगो ने मृतक सद्दाम की बाइक को चिरैया में ले जाकर छोड़ दिया। फोरेंसिक टीम ने हॉस्पिटल के कमरे से ब्लड सैंपल लिए हैं।

पुलिस ने इस मामले में अब तक 7 आरोपियों को पकड़ा है। जिसमे मुख्य आरोपी रघुनाथपुर निवासी राशिद अंसारी,बलुआ टाल निवासी राहुल कुमार,चिरैया के गोखुला निवासी सचिन कुमार बलुआ टाल निवासी अब्दुल नवी उर्फ रेहान के साथ ही अप्राथमिकी अभियुक्त अभिजीत दुबे संग्रामपुर दुबे टोला, बाबुल दुबे राजाबाजार व रघुनाथपुर पीपल चौक निवासी मो फहीम उर्फ रेहान शामिल हैं।फिलहाल पुलिस अप्राथमिक अभियुक्तो की भूमिका की जांच कर रही है।पुलिस टीम में डीएसपी सदर 1 दिलीप कुमार के अलावे नगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन,बंजरिया थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो व तकनीकी सेल की टीम के साथ अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल थे।

