जहरीली शराब से प्रभावित परसौना, शंकर सरैया व बालगंगा मे तैनात है मेडिकल कैम्प
– जहरीली शराब पीने वाले योद्धा को मेडिकल कैम्प के चिकित्सक ने भेजा था अस्पताल
– अस्पताल से भागकर घर आ गया था योद्धा
तुरकौलिया।थाना क्षेत्र स्थित परसौना गांव में जहरीली शराब कांड के बाद स्वास्थ्य विभाग लगातार सक्रिय है और प्रभावित इलाकों में मेडिकल कैंप के माध्यम से लोगों की जान बचाने की कोशिश की जा रही है। इसके बावजूद लापरवाही और देरी के कारण जानें जा रही हैं।
मेडिकल कैंप में तैनात चिकित्सकों ने बताया कि योद्धा मांझी को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए गए थे। उनकी स्थिति बिगड़ने पर मेडिकल टीम ने उन्हें चिन्हित कर तत्काल अस्पताल भेजा था। हालांकि, शनिवार की शाम को वह अस्पताल से भागकर वापस अपने घर लौट आए थे, जिससे उनकी हालत और गंभीर हो गई। रविवार को जब फिर से उनकी तबीयत बिगड़ी, तो मेडिकल कैंप के चिकित्सक डॉ पंकज कुमार और डॉ सी.बी. कुमार ने तुरंत एम्बुलेंस की व्यवस्था कर उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया।
वहां इलाज शुरू किया गया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद योद्धा मांझी की जान नहीं बचाई जा सकी। डॉ. पंकज कुमार ने इस घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि यदि लोग शराब पीने वालों को छुपाने के बजाय समय रहते जानकारी देते, तो इतनी बड़ी संख्या में मौतें नहीं होतीं। उन्होंने कहा कि कई मामलों में लोग तब सामने आते हैं, जब स्थिति काफी बिगड़ चुकी होती है, जिससे इलाज मुश्किल हो जाता है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जहरीली शराब के सेवन के बाद लक्षण दिखने पर तुरंत इलाज बेहद जरूरी होता है, लेकिन ग्रामीण इलाकों में जागरूकता की कमी और डर के कारण लोग समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाते। यही कारण है कि कई मामलों में स्थिति गंभीर हो जाती है। इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
सीएचसी तुरकौलिया के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अर्जुन कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रभावित बस्ती में 24 घंटे मेडिकल कैंप संचालित किया जा रहा है। वहां डॉक्टरों की टीम लगातार लोगों की जांच कर रही है और जरूरत पड़ने पर मरीजों को तत्काल अस्पताल रेफर किया जा रहा है। फिलहाल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग मिलकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे हैं, लेकिन लगातार हो रही मौतों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जागरूकता और zसमय पर इलाज ही ऐसी घटनाओं को रोकने का सबसे बड़ा उपाय है।

