चौकीदार भरत यादव की देख रेख मे शंकर सरैया व परसौना मे फल फूल रहा था शराब कारोबार
– न्यायिक हिरासत में भेजा गया चौकीदार
मोतिहारी। तुरकौलिया में जहरीली शराब कांड की जांच के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गिरफ्तार शराब कारोबारी नागा राय ने पूछताछ में खुलासा किया है कि इस पूरे नेटवर्क के पीछे पीपराकोठी का कन्हैया और राजा मुख्य सप्लायर हैं। बताया गया है कि कन्हैया ने ही शंकरसरैया परसौना और बालगंगा इलाके में स्पिरिट की आपूर्ति की थी, जिससे जहरीली शराब तैयार कर लोगों तक पहुंचाई गई।
इस खुलासे के बाद पुलिस ने सप्लायरों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया है। जांच में यह भी सामने आया है कि खलीफा, संजीत साह, रंजीत राय, सुनील साह और जिम्बू बैंठा सहित अन्य लोगों ने कन्हैया से स्प्रिंट लेकर अलग-अलग बाजारों तक शराब पहुंचाने का काम किया। इससे यह स्पष्ट हो गया है कि यह अवैध शराब कारोबार एक संगठित गिरोह के रूप में संचालित हो रहा था।
पुलिस टीम कोटवा, पीपराकोठी, जयसिंहपुर और शंकरसरैया समेत कई इलाकों में लगातार छापेमारी कर रही है, ताकि फरार सप्लायर और अन्य कारोबारियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके। मामले में अब तक चौकीदार भरत यादव, मुख्य कारोबारी नागा राय, जिम्बू बैंठा, खलीफा ऊर्फ साजन यादव को गिरफ्तार कर पुलिस शनिवार को जेल भेज चुकी है।
शराब कारोबारी नागा ने पुलिस पूछताछ में कहा है कि उसका शराब का अवैध कारोबार चौकीदार भरत यादव के संरक्षण में चल रहा था। अवैध कारोबार में नागा राय की मदद करता था। एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि इस नेटवर्क से जुड़े सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमों का गठन कर लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जाएगा।

