शिक्षा के मंदिर में चल रहा था बालिग अपराधी को नाबालिग बनाने खेल,हेडमास्टर और शिक्षिका गिरफ्तार
मोतिहारी। किशोर न्यास परिषद ने शिक्षा के मंदिर में चल रहे बड़े फर्जीवाड़ा का खुलासा किया है। जहां अपराधियो का कम उम्र बनाकर फर्जी टीसी इशू किया जा रहा था। पुलिस ने बाइक चोरी और अपहरण मामले के अपराधी का कम उम्र बनाकर फर्जी तरीके से टीसी बनाने वाले एचएम और सहायक शिक्षिका सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। जाहिर है किशोर न्यास परिषद के फर्जीवाड़े खुलासा के बाद जिले में चल रहे फर्जी टीसी बनाने वाले शिक्षकों में मचा हड़कंप मंच गया है।
गिरफ्तार एचएम और शिक्षिका राजकीय उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय परेवा चिरैया के बताए जा रहे है। किशोर न्यासपरिषद के कम उम्र का फर्जी तरीके से प्रमाणपत्र बनाने का खुलासा के बाद नगर थाना पुलिस ने बड़ी कारवाई की है। बाइक चोरी और लड़की के अपहरण जैसे संगीन मामले में केन्द्रीय कारा मोतिहारी में बंद एक अपराधी को जमानत पर छुड़ाने के लिए फर्जी सर्टिफिकेट देने वाले हेडमास्टर और एक शिक्षिका को सुनवाई के दौरान फर्जीवाड़ा का खुलसा होने के बाद नगर पुलिस ने सभी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार सुबोध कुमार पाठक उक्त विद्यालय के कक्षा एक से आठ तक के एचएम बताये जा रहे है। जबकि रिभा कुमारी उक्त विद्यालय की सहायक शिक्षिका है। दोनों ने मिलकर जेल में बंद अपराधी परेवा गांव निवासी स्व. बिलट साह के पुत्र भोला कुमार उर्फ भोला साह को जमानत पर छुड़ाने के लिए फर्जी सर्टिफिकेट जारी किया है।
जारी सर्टिफिकेट में जन्म की तिथि 15/5/2006 अंकित है। कथित किशोर द्वारा दिए गए शपथ पत्र और स्कूल के प्रभारी हेडमास्टर द्वारा प्रस्तुत नामांकन पंजी का जब अवलोकन किया गया तो कई चौंकाने वाले रहस्य सामने आए। हैरतअंगेज है कि नामांकन पंजी को 2014 में लाल स्याही से क्लॉज कर दिया गया है। तत्पश्चात क्लॉज किए गए रजिस्टर के अन्त में स्याही बदल कर तीन नामांकन कर दिए गए है।
इन्हीं में भोला कुमार का नाम दूसरे नंबर पर अंकित है। शपथ पत्र और नामांकन पंजी में भिन्नता होने पर फर्जीवाड़ा कांड खुलासा हुआ। आवश्यक पूछताछ के दौरान इन लोगों ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है। अपराधी के शारीरिक बनावट और नामांकनों पंजी का गहराई से अध्ययन करने के बाद किशोर न्याय परिषद ने इसे गम्भीर अपराध माना है।
किशोर न्याय परिषद के बेंच क्लर्क मो. शाहिद के बयान पर नगर थाना में एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। जिसमें कथित किशोर भोला कुमार सहित हेडमास्टर और प्रभारी हेडमास्टर को आरोपित किया गया है। उल्लेखनीय है कि चिरैया थाना क्षेत्र में वर्ष 2022 में घटित एक लड़की के अपहरण मामले में भोला कुमार जेल में बंद था। जिसे न्यायिक लाभ पहुंचाने के लिए यह षडयंत्र रचा गया है। जो दंडनीय अपराध है। शिक्षकों की इस तरह की करतूत से शैक्षणिक जगत शर्मसार हुआ है।

