6 महीने में एनडीए की सरकार युवाओ को नौकरी देने में रही विफल, पलायन जारी: जन सुराज
मोतिहारी। बिहार की नव निर्वाचित सरकार के कार्यकाल के 6 महीने पूरे होने पर जन सुराज पार्टी ने आज मोतीहारी में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर बिहार सरकार पर युवाओं, महिलाओं और मजदूरों के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष रविन्द्र बेरूवार ने कहा कि एनडीए सरकार द्वारा चुनाव के समय जनता से किए गए बड़े-बड़े वादे आज जमीन पर कहीं दिखाई नहीं दे रहे हैं। सरकार ने 5 साल में 1 करोड़ रोजगार देने का वादा किया था। इसका मतलब था कि प्रतिदिन लगभग 5476 युवाओं को रोजगार मिलना चाहिए था। सरकार बनने के 6 महीने बाद तक लगभग 9.85 लाख नौकरियां मिल जानी चाहिए थी, लेकिन आज भी बिहार का युवा बेरोजगारी और पलायन के लिए मजबूर है।
बिहार में केवल 25 प्रतिशत मजदूरों को राज्य में काम मिल पा रहा है, जबकि 75 प्रतिशत मजदूर रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन करने को मजबूर हैं। यह सरकार की रोजगार नीति की सबसे बड़ी विफलता है। जिला महामंत्री अभय शर्मा ने बीपीएससी टीआरई -4 भर्ती का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने छात्रों के साथ छल किया। चुनाव से पहले नोटिफिकेशन जारी करने का वादा किया गया था, लेकिन आज तक कोई स्पष्ट घोषणा नहीं हुई। आंदोलन कर रहे हजारों छात्रों पर केस दर्ज कर सरकार ने युवाओं की आवाज दबाने का काम कर रही है।
इसके साथ ही उन्होंने महिलाओं को 2-2 लाख रुपये देने के सरकार के वादे पर कहा कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत महिलाओं को दो-दो लाख रुपये देने का वादा अब केवल चुनावी जुमला साबित हो रहा है।
क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी संजय ठाकुर ने राज्य में कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था का हाल बेहद खराब है। लगातार बढ़ती हत्या, दुष्कर्म और आपराधिक घटनाओं ने बिहार की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एनसीआरबी डेटा जारी करने में हो रही देरी भी सरकार की मंशा पर सवाल उठाती है। उन्होंने एनडीए सरकार पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार में कई मंत्री राजनीतिक परिवारों से आते हैं, जबकि जनता को परिवारवाद के खिलाफ भाषण दिए जाते हैं।
नीट छात्रा हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए मुख्य प्रवक्ता अजय आजाद ने कहा कि मामले में समय पर चार्जशीट दाखिल नहीं होने के कारण आरोपियों को जमानत मिलना बिहार सरकार की बड़ी विफलता है।
कहा कि चुनाव का परिणाम कुछ भी रहा हो लेकिन जन सुराज पार्टी अपने लक्ष्य से पीछे नहीं हटने वाली है। आज 20 मई 2026 से “बिहार नवनिर्माण अभियान” के नए चरण की शुरुआत हो रही है। जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर बिहटा स्थित बिहार नवनिर्माण आश्रम में रहकर बिहारभर में संगठन और जन संवाद को मजबूत करेंगे। इस अभियान के तहत जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता के बीच अपनी बात रखेंगे। मौके पर ओबीसी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष विजय कुशवाहा, किसान प्रकोष्ठ अध्यक्ष विनोद कुमार, अम्बेडकर प्रकोष्ठ अशोक राम, बुद्धिजीव प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष लव कुमार यादव और शंभू कुमार उपस्थित थे।

