सीमावर्ती क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने की शुरू हुई विशेष पहल
-वाईब्रेंट विलेज कार्यक्रम 2 के तहत जिला स्तरीय समिति की बैठक सम्पन्न
-12 रणनीतिक गांवों के समग्र विकास की योजना तैयार करने का निर्देश
मोतिहारी। जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल की अध्यक्षता में बुधवार को उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में वाईब्रेंट विलेज कार्यक्रम-2 के तहत जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। उक्त बैठक में जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों को इस कार्यक्रम के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस जिला के छः सीमावर्ती गांव आदापुर प्रखंड के चन्द्रमन, बनकटवा के बिजबनी, छौड़ादानो प्रखंड के धर्मनगर, महुआवा, परसा, घोड़ासहन प्रखंड के बरवा खुर्द, जमुनिया कवैया, झरोखर, समनपुर , ढाका प्रखंड के परसा एवं रक्सौल प्रखंड के भरतमही, पनटोका सहित कुल 12 रणनीतिक गांवों का चयन इस कार्यक्रम के अन्तर्गत किया गया है।
नतीजतन डीएम ने कार्यक्रम के तहत उक्त गांवो में सड़क संपर्क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, आजीविका का सृजन, कौशल प्रशिक्षण, कृषि, पर्यटन, लघु उद्योग, बैंकिंग, दूरसंचार से संबंधित परियोजनाओं का अंतर विश्लेषण करते हुए प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं का चयन करने का निर्देश दिया। वहीं चयनित रणनीतिक गांवों के समग्र विकास हेतु विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एवं संबंधित प्रक्षेत्र के सशस्त्र सीमा बल के नामित नोडल पदाधिकारी को परस्पर समन्वय स्थापित करते हुए चयनित गांवों में कार्य योजना अनुमानित राशि के साथ दो दिनों के अन्दर प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
जिससे इन गांवों में आजीविका के अवसर सृजित हो और रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सके। जाहिर है सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों का पलायन रुकेगा। साथ ही पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय संस्कृति को संरक्षित किया जा सकेगा। यह कार्यक्रम सरकार की वर्तमान योजनाओं का संतृप्त करेगा ताकि सभी पात्र लाभार्थियों/परिवारों तक योजनाओं का पूर्ण लाभ पहुंच सके। इस कार्यक्रम के माध्यम से सीमावर्ती आबादी को राष्ट्र की मुख्य धारा से जोड़ने के लक्ष्य पूरी होगी।
सभी संबंधित विभागों को संसाधनों के समुचित उपयोग को ध्यान में रखते हुए योजनाओं का प्रस्ताव अनुमानित राशि सहित उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, डॉ. प्रदीप कुमार, जिला योजना पदाधिकारी-सह-सहायक नोडल पदाधिकारी, राहुल रंजन, समादेष्टा, एसएसबी, 71 वीं बटालियन, मोतिहारी, समादेष्टा, एसएसबी, 47 वी बटालियन, रक्सौल, सहायक समादेष्टा, एसएसबी, 20 वी बटालियन, सीतामढ़ी, सिविल सर्जन, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, महाप्रबंधक, जिला उद्योग केन्द्र सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कार्यपालक अभियंता उपस्थित थे।

