पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत कार्यशाला
-पीएम मोदी के 2047 के विकसित भारत के संकल्प के लिए युगांतकारी है 26 -27 का बजट : डॉ जायसवाल
रक्सौल। संगठन जिला रक्सौल भाजपा कार्यालय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला में सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने सहभागिता निभाई। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यशाला का शुभारंभ किया और उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की।। सांसद डॉ. जायसवाल ने वर्ष 2026-27 के बजट को युगांतकारी बताते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प की दिशा में सबसे प्रमुख कदम है। उन्होंने कहा विकास की योजनाओं में खर्च होने वाले 12 लाख 20 हजार करोड़ रुपये मिले हैं। ऐतिहासिक तुलना करते हुए कहा कि 2014 में देश का खर्च महज 1 लाख करोड़ रुपये थे, जबकि 11 साल में यह बजट 12 गुना ज्यादा बढ़ चुका है। बिहार के संदर्भ में उन्होंने बताया कि केवल रेलवे में ही 30 हजार करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट चल रहा हैं।
शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य के लिए पांच यूनिवर्सिटी क्लस्टर और इलाज की सुविधा के लिए पांच मिडी-सीटी बनाने की तैयारी है। देश की धरोहर और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 150 लाख के निवेश के साथ 20 विशिष्ट स्थानों को चिन्हित किया गया है ताकि रोजगार का सृजन हो सके। उन्होंने गर्व से कहा कि प्रधानमंत्री की पीएलआई स्कीम के कारण आज भारत दुनिया का तीसरा बड़ा इलेक्ट्रॉनिक उत्पादक बन चुका है। अब हम सामान खरीदने के बजाय निर्यातक बन गए हैं। देश में डेटा सेंटर खुलने से एआई के क्षेत्र में प्रगति होगी और कंप्यूटर, टीवी बनाने के लिए जरूरी मिनरल्स, परमानेंट मैग्नेट व सेमीकंडक्टर का निर्माण भी अब यहीं होगा। इस विशेष अवसर पर डॉ. संजय जायसवाल की उपस्थिति में अनेक महिलाओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सदस्यता लेने वाली महिलाओं में मुख्य रूप से रीता बर्नवाल, अमृता गुप्ता, सुनीता मधुकर, पुजा सरार्फ, स्वीटी गुप्ता, गीता देवी, सीमा देवी, सीमा देवी (2) और रेणु देवी शामिल रहीं। सांसद ने सभी को पार्टी की सदस्यता दिलाते हुए उनका स्वागत किया।
मौके पर जिलाध्यक्ष अशोक पांडेय, महामंत्री अजय पटेल, उपाध्यक्ष प्रदीप सर्राफ, लालबाबू सिंह, भरत सिंह, विकास शर्मा समेत कई अन्य वरिष्ठ भाजपा नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

