शहर में जल्द बनेगा डीलक्स सार्वजनिक शौचालय एवं लोगों को मिलेगा पीने के लिए शुद्ध पेयजल 

शहर में जल्द बनेगा डीलक्स सार्वजनिक शौचालय एवं लोगों को मिलेगा पीने के लिए शुद्ध पेयजल 
Facebook WhatsApp

-आईसीसी नाला एवं पेवर ब्लॉक इंटरलॉक का कार्य भी शीघ्र होगा शुरू

 – स्वच्छ, सुंदर एवं यातायात की समस्याओं से दूर करने की दिशा में लिए गए कई निर्णय 

मोतिहारी। नगर निगम मोतिहारी द्वारा शहरवासियों को स्वच्छ, सुगम एवं आधुनिक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर क्षेत्र में विभिन्न आधारभूत एवं जनहितकारी विकास योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर क्रियान्वित करने का निर्णय लिया गया है। तेजी से बढ़ती आबादी एवं बढ़ते यातायात दबाव को ध्यान में रखते हुए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर आवश्यक सुविधाओं का विस्तार समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।

इसी क्रम में नगर निगम द्वारा प्रमुख स्थानों पर डीलक्स सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में आधुनिक यूरिनल की स्थापना, आमजनों के लिए स्वच्छ पेयजल हेतु पियाऊ (जल स्टैंड) निर्माण, जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए मुख्य आरसीसी नाला निर्माण एवं सुदृढ़ जल निकासी व्यवस्था, तथा प्रमुख मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पेवर ब्लॉक (इंटरलॉकिंग) कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने की योजना बनाई गई है।

इन विकास कार्यों के अंतर्गत मीना बाजार, छतौनी चौक (एनएच-28 के समीप), अवधेश चौक, बरियारपुर चौक (जीरो माइल), जानपुल चौक, बलुआ चौक, कचहरी चौक, मोतिहारी ब्लॉक परिसर, मिशन चौक तथा कमेटी चौक सहित अन्य प्रमुख स्थलों को शामिल किया गया है, ताकि शहर के प्रत्येक क्षेत्र में संतुलित एवं समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके।

इन योजनाओं के पूर्ण होने से शहर में स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ होगी, जल निकासी की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी, सड़कों की गुणवत्ता बेहतर होगी तथा नागरिकों को दैनिक जीवन में आवश्यक सुविधाएँ सहज एवं सुगमता से उपलब्ध होंगी। साथ ही, मुख्य नाला निर्माण एवं पेवर ब्लॉक कार्य से जलजमाव एवं कीचड़ की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी, जिससे यातायात व्यवस्था भी अधिक व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनेगी।

नगर निगम द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया है कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण सामग्री एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप कराए जाएंगे तथा समयबद्ध ढंग से पूर्ण किए जाएंगे। इन पहलों से न केवल आधारभूत संरचना मजबूत होगी, बल्कि मोतिहारी को एक स्वच्छ, सुंदर एवं आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय कदम सिद्ध होगा।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page