अंतरजिला साइबर ठग फरीदाबाद से गिरफ्तार , 1 करोड़ की ठगी में धराया
– रक्सौल के अभिषेक से अग्नि एप के जरिए 22 लाख की ठगी
मोतिहारी। साइबर अपराध के तहत अग्नि एप के जरिए एक करोड़ से अधिक ठगी करने वाला अंतराज्यीय ठग संगम कुमार को हरियाणा के फरीदाबाद से पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वह पाली क्रेशर जोन, फरीदाबाद हरियाणा का निवासी है। उसके पास से एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है। जिसे पुलिस की टेक्निकल सेल खंगालने में जुटी है।
साइबर डीएसपी अभिनव परासर ने पत्रकारों को बताया है कि डीआईजी हरिकिशोर राय के निर्देश पर एसपी स्वर्ण प्रभात द्वारा टीम के गठन पश्चात उनके नेतृत्व में यह पूरा ऑपरेशन शुरू किया गया। फलस्वरूप उक्त साइबर ठग की गिरफ्तारी की गई। वह आग्नि एप के माध्यम से लोगो को लुभावना झांसा देकर ठगा करता था। मसलन बिजली का बिल जमा करना, मोबाइल रिचार्ज सहित कई अन्य कार्य इस ऐप से करने पर बड़े मुनाफे की बात कह लोगो को गुमराह कर उनको ठगा गया।
इस मामले में रक्सौल बड़ा परेउआ निवासी अभिषेक शर्मा ने 23 जनवरी को साइबर थाने में मामला दर्ज कराया। तत्पश्चात् वैज्ञानिक अनुसंधान शुरू हुई और उक्त ठग को फरीदाबाद से गिरफ्तार कर लिया गया। बकौल डीएसपी अभिषेक शर्मा से लगभग 22 लाख की ठगी की गई है। ऐसे ही ग्रुप में जोड़कर और अधिक कमाई का झांसा देकर लोगों से ठगी किया जाता था। पुलिस टीम में साइबर डीएसपी के अलावे इंस्पेक्टर मुमताज आलम, राजीव कुमार सिंहा, एसआई शिवम कुमार सिंह, सिपाही राकेश कुमार शामिल थे।

