मोतिहारी वोटिंग के दौरान भाजपा उम्मीदवार की फोटो लगी पर्ची के साथ दो गिरफ्तार
मोतिहारी विधानसभा क्षेत्र के छतौनी थानाक्षेत्र के बरियारपुर से दो लोगों को भाजपा के प्रतीक चिह्न व मोतिहारी विधानसभा के प्रत्याशी के तस्वीर वाली पर्ची के साथ मंगलवार को दो लोग गिरफ्तार किए गए हैं।पुलिस की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि गिरफ्तार किए जानेवालों में बड़ा बरियारपुर निवासी बिट्टू कुमार व उमेश साह शामिल हैं। दोनों पर आरोप है कि ये लोग मतदान केंद्र संख्या 216 व 217 के मतदाताओं को पार्टी का प्रतीक चिह्न, पार्टी का नाम व प्रत्याशी के फोटो सहित मतदाता सूची बांट रहे थे।
इससे संबंधित एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा था। उस वीडियो राष्ट्रीय जनता दल की ओर से अपने एक्स हैंडल पर भी शेयर किया गया था। इस बीच पुलिस को जैसे इस वीडियो की जानकारी मिली, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को उनके घरों से गिरफ्तार किया।
जांच के दौरान उनके पास से चुनाव से संबंधित उपरोक्त कागजात मिले। जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के साथ कार्रवाई की गई है। दो गिरफ्तार किए गए हैं। दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

