रक्सौल मे कस्टम चौक पर 3600 नशीली इंजेक्शन के साथ युवक गिरफ्तार

रक्सौल मे कस्टम चौक पर 3600 नशीली इंजेक्शन के साथ युवक गिरफ्तार
Facebook WhatsApp


रक्सौल। हरैया थाना क्षेत्र के कस्टम चौक के पास से पुलिस ने शनिवार को भारी मात्रा में नशीली इंजेक्शन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। हरैया थानाध्यक्ष किशन पासवान ने बताया कि गिरफ्तार युवक की पहचान आर्य समाज रोड निवासी उमाकांत मिश्रा के पुत्र राजकिशोर मिश्रा के रूप में की गई है। पुलिस ने उसके पास से कुल 3600 पीस नशीली इंजेक्शन बरामद किए हैं। इनमें डाईजीपाम इंजेक्शन दो एमएल का 24 डब्बा शामिल है, प्रत्येक डब्बे में 50 पीस इंजेक्शन पाए गए, जिससे कुल 1200 पीस डाईजीपाम इंजेक्शन बरामद हुआ। इसी तरह फेनारगन हाइड्रो क्लोराइड इंजेक्शन और प्रोमिथाजीन दो एमएल का आठ डब्बा मिला, प्रत्येक डब्बे में 150 पीस होने से कुल 1200 पीस इंजेक्शन बरामद किए गए। वहीं टेलजेसिक इंजेक्शन दो एमएल का भी आठ डब्बा मिला, प्रत्येक में 150 पीस इंजेक्शन थे, जिससे 1200 पीस इंजेक्शन और प्राप्त हुए। सभी इंजेक्शन को मिलाकर कुल 3600 पीस बरामद किए गए।

थानाध्यक्ष ने बताया कि इतनी बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ की बरामदगी से यह स्पष्ट है कि युवक नशीले इंजेक्शनों की अवैध तस्करी में लिप्त था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर थाने लाया और पूछताछ शुरू की है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी इन इंजेक्शनों की आपूर्ति रक्सौल और आसपास के क्षेत्रों में करने की फिराक में था। पुलिस ने नशीले पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जप्त सभी इंजेक्शन को साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रखा गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि हरैया थाना क्षेत्र में नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और ऐसे अवैध कारोबार में लिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने इस कदम का स्वागत किया है और कहा है कि पुलिस की सक्रियता से क्षेत्र में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगेगा।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page