नगर परिषद के सामान्य बोर्ड की बैठक में दीपावली छठ को लेकर लिए गए कई महत्वपूर्ण निर्णय
रक्सौल। दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर नगर परिषद ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बुधवार को नगर परिषद के वार्ड नंबर-1 स्थित प्रशासनिक भवन के सभागार में कार्यवाहक सभापति पुष्पा देवी की अध्यक्षता में सामान्य बोर्ड की बैठक आयोजित हुई।
संचालन कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने किया। इस अवसर पर पूर्व की बोर्ड बैठकों में लिए गए निर्णयों की संपुष्टि के बाद विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की गई। छठ पर्व को देखते हुए नगर परिषद क्षेत्र के सभी छठ घाटों पर विशेष सफाई अभियान, घाटों तक जाने वाले रास्तों के निर्माण, जरूरत के अनुसार मिट्टी भराई तथा पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था कराने का निर्णय लिया गया।
वहीं, दीपावली के अवसर पर शहर के सभी 25 वार्डों में 30-30 एलईडी बल्ब उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अलावा व्यापारिक क्षेत्रों में दो पालियों में सफाई और सफाई व्यवस्था की नियमित समीक्षा करने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया।
बैठक में वार्ड नंबर-19 के कौड़िहार चौक और वार्ड नंबर-6 में कस्टम कार्यालय के समीप छठ घाट निर्माण तथा वार्ड नंबर-12 में शौचालय निर्माण को भी मंजूरी दी गई। कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि दीपावली और छठ को लेकर लिए गए निर्णयों को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाएगा। बैठक में पार्षदों सहित नगर परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।

