सम्मान समारोह में टीबीटी अवॉर्ड 2026 से सम्मानित किये गए चिरैया के तीन शिक्षक
सिकरहना। शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, समर्पण और उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से वैशाली जिले के सिंहाड़ा स्थित नीरसू नारायण महाविद्यालय में बीते एक नवंबर को तिरहुत प्रमंडल शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर चिरैया प्रखंड के तीन शिक्षक-शिक्षिकाओं को उनके उल्लेखनीय शैक्षणिक कार्यों के लिए टीबीटी अवॉर्ड 2026 से सम्मानित किया गया। ‘द बिहार टीचर हिस्ट्री मेकर्स मंच’ के संस्थापक डॉ. कुमार गौरव के तत्वावधान में आयोजित समारोह में प्रखंड क्षेत्र के राजकीय प्राथमिक विद्यालय माधोपुर उर्दू कन्या के शिक्षक मिंटू कुमार एवं प्रधान शिक्षिका रश्मि कुमारी तथा यूएचएस महुआवा के शिक्षक शम्भू शंकर गोस्वामी को अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पीटीईसी पोखरेरा, मुजफ्फरपुर के प्राचार्य डॉ. अनुज कुमार, शिवहर के डीपीओ शमी अहमद, विभिन्न डायट के प्राचार्य, वैशाली के डीईओ रविन्द्र कुमार तथा तिरहुत स्नातक क्षेत्र से नवनिर्वाचित एमएलसी वंशीधर ब्रजवासी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की मजबूत आधारशिला हैं। ऐसे सम्मान से उनका मनोबल बढ़ता है और वे शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए और अधिक प्रेरित होते हैं। तीनों शिक्षकों की उपलब्धि पर चिरैया बीईओ मो. अफरोज आलम, प्रधान शिक्षक कार्तिक कुमार, अबुल कासिम सहित अन्य शिक्षाविदों एवं शिक्षकों ने बधाई दी है।

