छह दिन पूर्व घर से फरार नाबालिग लड़की को पुलिस ने किया बरामद
-कोर्ट के आदेश से पुलिस ने बरामद लड़की को परिजन को सौंपा
मोतिहारी। तुरकौलिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर घर से फरार हुई एक नाबालिग लड़की को छह दिन के अंदर सकुशल बरामद कर लिया। बरामदगी के बाद पुलिस ने कोर्ट के आदेश से लड़की को उसके परिजनों के हवाले कर दिया।
मामले में लड़की ने कोर्ट में बयान दिया कि उसे कोई भगा कर नहीं ले गया था, बल्कि वह अपनी मर्जी से घूमने के लिए दिल्ली गई थी।
जानकारी के अनुसार, लड़की के पिता ने थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि 17 सितंबर की अहले सुबह उनकी बेटी को चिलराव गांव के निश्चय कुमार, नीरज कुमार और योगी बैठा उसे भगा कर ले गए हैं। पिता के आवेदन पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वैज्ञानिक तरीके से अनुसंधान शुरू किया। मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने छानबीन की और छह दिन के अंदर ही लड़की को दिल्ली से सकुशल बरामद कर लिया।
बरामदगी के बाद लड़की को कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसने स्पष्ट कहा कि वह खुद से दिल्ली घूमने गई थी। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने उसे परिजनों को सौंप दिया। थानाध्यक्ष रंजीत कुमार का कहना है कि मामले में आगे की जांच की जा रही है और लड़की के बयान के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

