बिहार में वर्ष 2030 से पहले रोजगार के पर्याप्त अवसर सृजित करने का लक्ष्य : सम्राट चौधरी

बिहार में वर्ष 2030 से पहले रोजगार के पर्याप्त अवसर सृजित करने का लक्ष्य : सम्राट चौधरी
Facebook WhatsApp

मुंगेर-भागलपुर के बीच 83 किलोमीटर लंबे मरीन ड्राइव का निर्माण होगा शुरू

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार शाम मुंगेर जिले के बरियारपुर प्रखंड अंतर्गत कल्याणपुर स्थित श्री श्री 108 बड़ी दुर्गा महारानी मंदिर परिसर में दीपावली की पूर्व संध्या पर दीप प्रज्वलित कर भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश को विकसित बनाने के लिए निरंतर विकास कार्यों में जुटे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी बिहार को समृद्ध बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण काम किए हैं। वर्तमान सरकार उनकी ओर से शुरू किए गए विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है।

मुख्यमंत्री ने गंगा नदी में आने वाली बाढ़ और इससे किसानों की फसलों को होने वाले नुकसान का उल्लेख करते हुए कहा कि दशहरा के समय नेपाल की तराई और सोन नदी से आने वाला पानी गंगा में मिला, जिससे कई क्षेत्रों में बाढ़ की समस्या उत्पन्न हुई। गंगा के जल का समुचित प्रबंधन और उपयोग किसानों के हित में बेहद जरूरी है। इसके लिए दो नवंबर को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ महत्वपूर्ण समझौता किया गया है। गंगा से गाद निकालने और जल प्रबंधन के माध्यम से उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा के पानी का इस्तेमाल सिंचाई के लिए किया जाएगा। इसके लिए विभिन्न स्थानों पर बांध और जल संरचनाएं बनाकर पानी खेतों तक पहुंचाने की योजना है। इससे किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल सकेगा और उनकी खुशहाली बढ़ेगी।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि मुंगेर और भागलपुर के बीच करीब 83 किलोमीटर लंबे मरीन ड्राइव का निर्माण शुरू किया जाएगा। इससे क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और विकास की नई संभावनाएं पैदा होंगी।

सम्राट चौधरी ने कहा कि मुंगेर की धरती से निकलकर प्रधानमंत्री के आशीर्वाद से उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में बिहार की सेवा करने का अवसर मिला है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य में उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से काम किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि वर्ष 2030 से पहले ऐसी व्यवस्था विकसित की जाए, जिससे बिहार के किसी भी व्यक्ति को मजबूरी में मजदूरी करने के लिए राज्य से बाहर नहीं जाना पड़े। बेहतर नौकरी, व्यवसाय और रोजगार के अवसर राज्य में ही उपलब्ध कराए जाएंगे।

सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार ने एक करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी और रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। अगले पांच वर्षों में एक करोड़ परिवारों को उद्यमी बनाने का लक्ष्य भी रखा गया है। बिहार में उद्योगों का विस्तार होगा, निवेश बढ़ेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री ने मां लक्ष्मी, भगवान श्रीराम, मां दुर्गा और मां सरस्वती से बिहार की निरंतर प्रगति, समृद्धि और राज्य के प्रत्येक परिवार की खुशहाली की कामना की। उन्होंने कल्याणपुर में भव्य और ऐतिहासिक दीपोत्सव के आयोजन के लिए यूथ क्लब, प्रसिद्ध होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. नीतीश चंद्र दुबे और स्थानीय लोगों को बधाई दी। साथ ही सभी बिहारवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page