सेवा संकल्प अभियान के तहत चकिया में सांसद राधा मोहन ने “नशा मुक्त भारत का संकल्प दिलाया

सेवा संकल्प अभियान के तहत चकिया में सांसद राधा मोहन ने “नशा मुक्त भारत का संकल्प दिलाया
Facebook WhatsApp

मोतिहारी।‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत पिपरा विधानसभा अंतर्गत चकिया में “नशा मुक्त भारत जागरूकता अभियान” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मोतिहारी के सांसद राधामोहन सिंह ने किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित युवाओं एवं आमजनों को संबोधित करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

सांसद श्री सिंह ने कहा कि युवा शक्ति भारत की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को सकारात्मक दिशा देकर ही हम एक सशक्त समाज और विकसित भारत का निर्माण कर सकते हैं। नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को प्रभावित करता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता और सामाजिक सेवा जैसे सकारात्मक क्षेत्रों से जुड़ें। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए परिवार, समाज और जनप्रतिनिधियों को मिलकर जागरूकता का वातावरण तैयार करना होगा।

श्री सिंह ने कहा कि नशामुक्त भारत केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। हमें अपने आसपास के युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना चाहिए और यदि कोई युवा इसकी गिरफ्त में आ गया है, तो उसे तिरस्कार नहीं बल्कि सहयोग, संवेदना और उचित मार्गदर्शन देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ऐसे में हमारा संकल्प होना चाहिए कि भारत का युवा स्वस्थ, शिक्षित, कुशल, आत्मनिर्भर और नशामुक्त बने।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों एवं युवाओं ने नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पिपरा विधायक श्यामबाबू प्रसाद यादव, संयोजक रोहित सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page