दिल्ली से महोबा जा रही बस में लगी आग, महिला सहित नौ लोगों की मौत

दिल्ली से महोबा जा रही बस में लगी आग, महिला सहित नौ लोगों की मौत
Facebook WhatsApp

नोएडा। दिल्ली के कश्मीरी गेट से उत्तर प्रदेश के महोबा जा रही एक डबल डेकर बस में बुधवार मध्य रात्रि यमुना एक्सप्रेस-वे के 33 किलोमीटर पर आग लग गई। बस में उस समय 35 लोग सवार थे।घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड, पुलिस, जिला प्रशासन की टीमों ने रेस्क्यू करके लोगों को बाहर निकाला।

इस हादसे में एक महिला सहित नौ लोगों की जलकर मौत हो गई । इस घटना के चलते मध्य रात्रि से आज सुबह तक यमुना एक्सप्रेस-वे पर अफरा-तफरी मची हुई है। पुलिस और फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने गैस कटर से बस को काटकर उसमें फंसे हुए शवों को बाहर निकाला।

अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि एक डबल डेकर बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से 35 सवारियों को भरकर बुधवार की मध्य रात्रि को यमुना एक्सप्रेस-वे के रास्ते महोबा जनपद के लिए रवाना हुई। उन्होंने बताया कि यमुना एक्सप्रेस-वे के 33 किलोमीटर तक पहुंचते पहुंचते बस में अचानक आग लग गई।

उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर दमकल विभाग, पुलिस, जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि रेसक्यू करने के बाद करीब 26 लोगों को बाहर निकला गया, जबकि एक महिला सहित नौ लोगों की जलने से मौत हो गई है। कुछ लोग बस में भरे धुएं की वजह से बेहोश हो गए थे, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

उनकी हालत अब ठीक है। उन्होंने बताया कि आगजनी के चलते बस में पूरी तरह से धुआं भर गया था। घटना के समय कुछ लोग सो रहे थे।उन्होंने बताया कि काफी लोग सोने की वजह से बस में फंस गए तथा उनकी जलने से मौत हो गई। अपर आयुक्त ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने बस का शीशा तोड़कर और गैस कटर से बस के काफी हिस्से को काटा तथा उसमें फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों की पहचान हुई है लेकिन अभी तक कुछ की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस सभी लोगों की पहचान कराकर उनके परिजनों को सूचना देने का प्रयास कर रही है।

बस में सवार रिंकी राजपूत ने बताया कि वह डबल डेकर नोएडा बस में नोएडा से सवार हुई थी तथा तथा अपने घर राठ जा रही थी। घटना के समय वह सो रही थी। किसी यात्री ने उनके केबिन को जोर-जोर से पीट कर जगाया। उसके बाद बस के बाहर निकली। उन्होने बताया कि लोगों में इतनी अफरा-तफरी थी कि किसी ने अपना सामान भी नहीं उठाया। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग रहे थे।

इस घटना में काफी लोगों का समान, नकदी, जेवर, मोबाइल फोन आदि भी जल गया है। उन्होंने बताया कि घटना के करीब आधे घंटे बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। बस में सवार रिंकी के अनुसार इस घटना में नौ लोगों से ज्यादा की मरने की आशंका है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page