मथुरापुर के अमवा पोखरा में डूबने से छात्र की मौत
– छठ घाट जाने के पहले हादसा होने से घर में कोहराम
पूर्वी चंपारण। जिले के तुरकौलिया थाना क्षेत्र के मथुरापुर पंचायत के आमवा गांव में एक 16 वर्षीय किशोर की पोखर में डूबने से मौत हो गई। मृतक दिलेश्वर यादव का पुत्र राजनंदन है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि उक्त पोखर पर छठ घाट है। छठ पर्व के दिन ग्रामीण घाट की सजावट और सफाई कर रहे थे। राजनंदन और अन्य बच्चें भी वही खेल रहे थे।
छठ घाट की सफाई और सजावट के बाद ग्रामीण अपने अपने घर संझिया घाटे आने की तैयारी के लिए चले गए। लेकिन राजनंदन और उसके साथ खेलने वाले बच्चें वही रूक गए। खेलने के दौरान उसका पैर फिसल गया। वह पोखर के गहरे पानी में डूबने लगा। बच्चों ने शोर मचाया । ग्रामीण उनकी आवाज सुनकर जब तक घाट पर पहुंचते वह डूब चुका था। उसको पानी से निकाला गया। उसके बाद उसे तुरकौलिया के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पूरे गांव में मातम पसर गया। हर कोई घटना से दुःखी थे।
सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक चार भाई बहनों में सबसे बड़ा था। वह मैट्रिक का छात्र था। राजा राम हाई स्कूल में पढ़ता था। ग्रामीणों ने बताया कि उसके पिता ट्रक लेकर पंजाब गए है। इसकी सूचना मिलते ही फोन पर ही दहाड़े मारकर रोने लगे। पुत्र की मौत की खबर से वह फ्लाइट से घर पहूंचे। तब जाकर मंगलवार को उसका अंतिम संस्कार हुआ। थानाध्यक्ष उमाशंकर मांझी ने बताया कि पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।

