नाबालिग लड़की के अपहरण मामले में दो युवक गिरफ्तार, भेजे गए जेल
– मुख्य आरोपी की खोज में छापेमारी तेज
हरसिद्धि। थाना क्षेत्र के हरसिद्धि पकड़िया गांव से 15 वर्षीय नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवकों की पहचान हरसिद्धि निवासी हरिओम कुमार, पिता मदन साह तथा सुगौली थाना क्षेत्र के बड़ा बौधा गांव निवासी दानिश खान उर्फ आजाद आलम, पिता अमीरुद्दीन मियां के रूप में हुई है।
पुलिस ने पूछताछ के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। मिली जानकारी के अनुसार, हरसिद्धि पकड़िया गांव निवासी झगुरु साहनी ने थाने में आवेदन देकर अपनी 15 वर्षीय पुत्री का शादी की नीयत से अपहरण किए जाने की शिकायत की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पुत्री प्रतिदिन कोचिंग जाती थी। कोचिंग से घर लौटने के दौरान हरसिद्धि बाजार निवासी स्वर्गीय मनोज साह के पुत्र पिंटू कुमार ने शादी का झांसा देकर उसका अपहरण कर लिया। देर शाम तक पुत्री के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। इसी दौरान जानकारी मिली कि चार युवक बोलेरो से लड़की को लेकर हरसिद्धि बाजार के आसपास मौजूद हैं।
आवेदन में पिता ने आरोप लगाया है कि जब वे अपनी पुत्री की तलाश करते हुए संबंधित युवकों के पास पहुंचे तो पिंटू कुमार ने लड़की को वापस करने की बात कही। इसके बाद उन्हें गाड़ी में बैठाया गया और पिस्टल का भय दिखाकर उनके खाते से 84 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए गए। साथ ही सादे कागज पर हस्ताक्षर भी करा लिया गया। इसके बाद उन्हें गाड़ी से धक्का देकर उतार दिया गया और चारों युवक बोलेरो से लड़की को लेकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार के नेतृत्व में सशस्त्र बल को कार्रवाई के लिए भेजा। पुलिस ने मामले में प्रयुक्त बोलेरो को बरामद करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में हरिओम कुमार ने बताया कि पिंटू पहले से ही लड़की को बोलेरो में बैठा रखा था। इसके बाद उन लोगों को भी गाड़ी में बुलाया गया।
उसने बताया कि मोतिहारी में फिल्म देखने जाने की बात कहकर सभी लोग पहले बड़ा बौधा गए, जहां से आजाद के घर पहुंचे। कुछ देर बाद लड़की को लेकर मोतिहारी गए, जहां पिंटू लड़की के साथ उतर गया और दोनों वहां से गायब हो गए। इसके बाद वे लोग बोलेरो लेकर हरसिद्धि लौट आए। हरिओम के अनुसार, उन लोगों ने भी बाद में लड़की और पिंटू की खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इधर, बोलेरो मालिक ने पुलिस को बताया कि उसने गाड़ी पंचर बनाने के लिए खड़ी की थी और गाड़ी की चाबी उसके पास थी। बावजूद युवक गाड़ी लेकर कैसे चले गए, इसकी जानकारी उसे नहीं है।
थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि मामले में पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। गिरफ्तार दोनों युवकों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मुख्य आरोपित पिंटू कुमार और नाबालिग लड़की की बरामदगी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।

