10.550 किलो गांजा जब्त, पांच तस्कर गिरफ्तार
-एसएसबी और डीआरआई की संयुक्त कार्रवाई में 45 हजार रुपये नकद भी बरामद
मोतिहारी। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 71वीं वाहिनी मुख्यालय, मोतिहारी को एसीएन से प्राप्त सूचना के आधार पर एसएसबी और राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई), मुजफ्फरपुर की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान मोतिहारी के छतौनी चौक के पास से 10.550 किलोग्राम गांजा जैसा पदार्थ और 45 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। मौके से पांच भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जब्ती स्थल भारत-नेपाल सीमा स्तंभ संख्या 376 से लगभग 30 किलोमीटर भारतीय क्षेत्र के अंदर स्थित है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मादक पदार्थ की तस्करी नेपाल के सतगंज से मोतिहारी (भारत) की ओर की जा रही थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झूलन कुमार (25 वर्ष), पिता रामदरेश प्रसाद यादव, वार्ड संख्या-08, ग्राम एवं पोस्ट टिकुलिया, थाना आदापुर; श्याम कुमार (25 वर्ष), पिता देव राय, वार्ड संख्या-07, टिकुलिया, थाना आदापुर; गुलशन कुमार (19 वर्ष), पिता उमेश प्रसाद यादव, वार्ड संख्या-07, टिकुलिया, थाना आदापुर; मुकेश साह (29 वर्ष), पिता दीनानाथ साह, वार्ड संख्या-12, ग्राम सरैया खास, थाना गोविंदगंज तथा राधेश्याम सहनी (30 वर्ष), पिता मनी सहनी, वार्ड संख्या-13, ग्राम सरैया खास, थाना गोविंदगंज के रूप में हुई है।
संयुक्त अभियान के दौरान बरामद मादक पदार्थ और नकदी के साथ गिरफ्तार पांचों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए डीआरआई, मुजफ्फरपुर को सौंप दिया गया है।

