भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 405 बोतल नेपाली कस्तूरी शराब जब्त, दो गिरफ्तार
-तीन मोटरसाइकिल भी जब्त, सीमा स्तंभ संख्या 367/01 के पास विशेष गश्त के दौरान मिली सफलता
बनकटवा। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 71वीं वाहिनी, मोतिहारी ने बड़ी कार्रवाई की है। बीओपी बरहरवा से प्राप्त एलए (सूचना) के आधार पर एसएसबी जवानों ने विशेष गश्त के दौरान ग्राम बलुआ धनुखी थाना जितना के पास से 405 बोतल नेपाली कस्तूरी शराब जब्त की।
जब्त शराब की कुल मात्रा 121.5 लीटर बताई गई है। इस दौरान तीन मोटरसाइकिल भी जब्त की गईं और दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार्रवाई का स्थान भारत-नेपाल सीमा स्तंभ संख्या 367/01 से लगभग 100 मीटर भारतीय क्षेत्र के अंदर स्थित है। तस्कर नेपाल के ग्राम इनरवा से शराब की खेप लेकर खरझकिया (भारत) की ओर आ रहे थे। इसी दौरान विशेष गश्ती दल ने उन्हें पकड़ लिया।
गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान संदीप कुमार (28 वर्ष), पिता स्वर्गीय राम विश्वास, ग्राम बनकटवा थाना जितना तथा बिगन बैठा (38 वर्ष), पिता मैलेश्वर बैठा, ग्राम एवं पोस्ट बंकटवा, थाना जितना के रूप में हुई है। एसएसबी की टीम ने मौके से 300 मिलीलीटर की 405 बोतल नेपाली कस्तूरी शराब (कुल 121.5 लीटर) और तीन मोटरसाइकिल जब्त की हैं। गिरफ्तार दोनों व्यक्तियों एवं जब्त सामग्री को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए थाना जितना को सुपुर्द किया जा रहा है।जानकारी जितना थाना अध्यक्ष सुधीर कुमार ने दी है।

