कमजोर वर्ग के वोटरो की सुरक्षा को लेकर डीजीपी ने दिये सख्त निर्देश
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान कराने और कमजोर वर्ग के वोटरों की सुरक्षा को लेकर डीजीपी ने सख्त निर्देश दिया है। पुलिस महानिदेशक(डीजीपी )विनय कुमार ने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को कमजोर तबके के लोगों की आबादी वाले इलाके पर खास नजर रखने को कहा है। साथ ही चिन्हित ऐसी आबादी वाले मोहल्ले-गांवों-टोलों में पुलिस टीम की सघन गश्ती व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है,इसके साथ ही राज्य के सभी थाना क्षेत्रों में सक्रिय दागियों-दबंगों को चिह्नित कर उन पर कार्रवाई करने को कहा है।साथ ही कहा गया है,किसी इलाके में कोई प्रत्याशी अपराधियों या अपने खास समर्थकों के जरिए कमजोर वर्ग के लोगों की आबादी वाले मोहल्ले-टोले-गांवों में शराब-पैसे या भोज का आयोजन करते है,तो उनपर त्वतरित कारवाई सुनिश्चित करते हुए
सलाखों के पीछे भेजने की व्यवस्था करें। चुनाव प्रचार के दौरान शराब, मादक पदार्थ, नगदी, हथियार आदि के आवाजाही पर रोक लगाने के लिए बनाए गए एसएसटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की गतिविधियों का भी औचक निरीक्षण करें। वाहन चेकिंग अभियान को और तेज करें।
इसके अलावा अधिक से अधिक मतदान को लेकर गरीब और कमजोर तबकों के लोगों के गांव और मोहल्ले-टोलों में पुलिस टीम लगातार उनके बीच विश्वास पैदा करने के लिए फ्लैग मार्च भी करें ताकि उनमें सुरक्षा और पुलिस-प्रशासन के प्रति और भरोसा बढ़े। उन्हें अपराधियों या दबंगों की धमकी या किसी नेता या उसके समर्थकों की तरफ से प्रलोभन मिलें तो वह अपनी बात भ्रमणशील पुलिस पदाधिकारियों के समक्ष रख सके। डीजीपी विनय कुमार ने कहा है कि फ्लैग मार्च के साथ-साथ वाहन चेकिंग और छापामारी में केंद्रीय पुलिस बल के अधिक से अधिक प्रयोग करना है।

