हरसिद्धि में विश्व आदिवासी दिवस पर वीरों को किया गया नमन
मोतिहारी। हरसिद्धि प्रखंड अंतर्गत सेवराहां पांडेय टोला में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर युवा खरवार महासभा की जिला इकाई द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने एकजुट होकर आदिवासी समाज के महान नायकों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा एवं वीर पुरुष नीलाम्बर-पीतांबर की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया गया।
कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि इन महान विभूतियों ने समाज के अधिकार, सम्मान और स्वाभिमान के लिए संघर्ष किया, जिसे आज भी आगे बढ़ाने की जरूरत है। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष कृष्णा खरवार ने की। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज को सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना समय की मांग है। जिला महासचिव राहुल खरवार, जिला सचिव अजय खरवार और जिला संरक्षक रमेश खरवार ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए समाज की एकजुटता और शिक्षा पर जोर दिया।
इस मौके पर अशोक खरवार, प्रखंड अध्यक्ष संजोग खरवार, कृष्ण खरवार, अरुण खरवार, कामेश्वर खरवार, ठोला खरवार समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर समाज के उत्थान और अधिकारों के लिए संगठित होकर कार्य करने का आह्वान किया। समापन सामाजिक एकता और जागरूकता के संदेश के साथ हुआ।

