भू-माफिया सुगंध गुप्ता को पुलिस ने किया गिरफ्तार
मोतिहारी। नगर थाना की पुलिस ने बुधवार को नगर थाना क्षेत्र के ठाकुरबाड़ी मोहल्ला निवासी भू-माफिया सुगंध गुप्ता को पीपराकोठी थाना क्षेत्र में गिरफ्तार किया है।
पूछताछ के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। इसकी जानकारी देते एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि सुगंध गुप्ता की गिरफ्तारी नगर थाना में कांड संख्या 364/25 में की गई है। उस पर पूर्व से हत्या, आर्म्स एक्ट, दुष्कर्म, रंगदारी सहित कई संगीन अपराधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ में उसने कई अहम सुराग दिया है। इसके आधार पर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि बीते मई 2025 में जमीन की अवैध खरीद बिक्री व अपराध के जरिए अकूत संपत्ति अर्जित करने के आरोप में मोतिहारी नगर के वार्ड पार्षद संजय कुमार जायसवाल उर्फ धीरज जायसवाल के आवेदन पर सुगंध गुप्ता,मेयर पति देवा गुप्ता, कुख्यात अपराधी राहुल सिंह उर्फ राहुल मुखिया समेत शहर के अन्य व्यवसायी सहित 19 लोगों पर एफआईआर दर्ज किया गया था।जिसके बाद मामले का अनुसंधान के उपरांत उक्त कारवाई की गई।
छापेमारी टीम में नगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन, दारोगा सतीश कुमार, प्रियंका कुमारी, मनोज कुमार व सशस्त्र पुलिस बल शामिल थे।

