केंद्र सरकार ने मत्स्य क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए बजट में की ऐतिहासिक बढ़ोतरी:राधामोहन
-मत्स्य पालन कृषि के साथ आय का मजबूत स्रोत
पीपराकोठी। कृषि मेला के मंच से पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री सह सांसद राधामोहन सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने मत्स्य क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए बजट में ऐतिहासिक बढ़ोतरी की है। उन्होंने कहा कि पूर्व में मत्स्य विभाग का बजट लगभग 2110 करोड़ रुपये था, जिसे बढ़ाकर 9000 करोड़ रुपये कर दिया गया है।
इससे मत्स्य पालन से जुड़े लाखों किसानों और युवाओं को सीधा लाभ मिल रहा है। मत्स्य पालन कृषि के साथ आय का मजबूत स्रोत बन चुका है। तालाब निर्माण, बीज उपलब्धता, प्रशिक्षण और आधुनिक तकनीक के उपयोग से उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
सरकार की योजनाओं के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि हर घर की एक महिला आत्मनिर्भर बने। इसी सोंच के तहत स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त किया जा रहा है। अबतक देश में एक करोड़ से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं।आने वाले दिनों में यह संख्या दो करोड़ से अधिक करने का लक्ष्य है।
महिला सशक्तिकरण से ही देश की अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी। श्री सिंह ने किसानों से अपील किया कि वे पारंपरिक खेती के साथ-साथ मिली-जुली खेती अपनाएं। फसल उत्पादन के साथ पशुपालन, मत्स्य पालन, बागवानी और मधुमक्खी पालन जैसे कार्यों को जोड़कर किसान अपनी आय में कई गुना वृद्धि कर सकते हैं। विविधीकृत खेती ही किसानों को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने किसानों और महिलाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने तथा आधुनिक तकनीक को अपनाने का आह्वान किया।

