महाशिवरात्रि पर मुजफ्फरपुर के बाबा गरीबनाथ धाम पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब,भव्य शिव बारात से शिवमय हुई पूरी नगरी

महाशिवरात्रि पर  मुजफ्फरपुर के बाबा गरीबनाथ धाम पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब,भव्य शिव बारात से शिवमय हुई पूरी नगरी
Facebook WhatsApp

-महाशिवरात्रि पर मुजफ्फरपुर में निकाली गई शिव बारात, केंद्रीय मंत्री समेत कई जनप्रतिनिधि हुए शामिल

मुजफ्फरपुर। उत्तर बिहार के प्रसिद्ध बाबा गरीब नाथ धाम में महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया।पूरा शहर भगवान शिव की आराधना में डूबा रहा और मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

इस पावन अवसर पर शहर में पारंपरिक और भव्य शिव बारात की शोभायात्रा निकाली गई, जिसने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। बाबा गरीब नाथ धाम से निकली पालकी झांकी को विधिवत पूजा-अर्चना के बाद शहर भ्रमण के लिए रवाना किया गया।

इस अवसर पर मुजफ्फरपुर के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री राज भूषण निषाद, मेयर निर्मला साहू, नगर विधायक रंजन कुमार और मंदिर के प्रधान पुजारी विनय पाठक सहित कई जनप्रतिनिधि, पुजारी और विभिन्न सेवा संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने एक साथ बाबा गरीबनाथ का जयकारा लगाकर पालकी को शहर के लिए रवाना किया।

यह ऐतिहासिक शोभायात्रा गोला रोड स्थित श्रीराम भजन आश्रम से प्रारंभ होकर दुर्गा स्थान, ब्राह्मण टोली, सोनारपट्टी, साहू रोड, छोटी कल्याणी, हरिसभा चौक, मोतीझील, इस्लामपुर, सूतापट्टी और सरैयागंज टावर जैसे प्रमुख क्षेत्रों से होते हुए पुनः बाबा गरीबनाथ मंदिर पहुंची।

शोभायात्रा में भगवान शिव, माता पार्वती, श्रीगणेश और कार्तिकेय की सजीव झांकियां आकर्षण का मुख्य केंद्र रहीं। शिव बारात में भूत-प्रेत, नंदी और शिवगणों की वेशभूषा में सजे युवक-युवतियों ने धार्मिक वातावरण को जीवंत बना दिया। डीजे, ढोल-नगाड़ों और बैंड की धुन पर श्रद्धालु नाचते-गाते नजर आए।

आयोजन को सफल बनाने के लिए कलाकारों और आयोजकों ने कई दिनों से तैयारी की थी। झांकियों की विशेष सजावट ने शहर की सुंदरता में चार चांद लगा दिए। प्रशासन और पुलिस बल ने सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के व्यापक इंतजाम किए थे, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से आयोजन में शामिल हो सके।

मंदिर के प्रधान पुजारी विनय पाठक ने बताया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर सुबह से ही जलाभिषेक और रुद्राभिषेक का सिलसिला बना रहा। हजारों श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि देर रात भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह की पारंपरिक रस्म संपन्न कराई गई। पूरी रात मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और विशेष आरती का आयोजन किया गया, जिससे पूरा शहर शिवमय बना रहा।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page