ई-रिक्शा व बाइक मे आमने-सामने टक्कर में एक की मौत
-दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक व ई रिक्शा चालक गंभीर रूप से जख्मी
तुरकौलिया। थाना क्षेत्र के महनवा से सेमरा जाने वाली सड़क में बेलवा स्कूल के समीप ई रिक्शा और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। जहां बाइक चालक युवक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक पर सवार दो युवक व ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गए है। मृतक युवक बेलवाराय मननपुर के शिक्षा सेवक अजमत आलम पुत्र कैफ आलम(18) है। वही जख्मी युवक बेलवाराय के जलील मियां का पुत्र शमशाद आलम(17) और तुरकौलिया मध्य पंचायत के सेनवरिया गांव निवासी अनवर आलम का पुत्र इमरान आलम है। बताया जाता है कि ईरिक्शा महनवा से सेमरा के तरफ जा रहा था। वही विपरीत दिशा से बाइक पर तीन युवक महनवा के तरफ आ रहे थे। इसी बीच ई रिक्शा और बाइक में आमने सामने टक्कर हो गई। जहां बाइक चालक कैफ की मौत घटना स्थल पर ही हो गई। घने कोहरे के कारण दुर्घटना होने की बात कही जा रही है। सूचना पुलिस को मिलते ही घटना स्थल पर पहुँच शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम कराने के लिए सदर अस्पताल भेजा।
साथ ही जख्मी बाइक सवार दोनों युवक को भी इलाज के लिए अस्पताल पहुँचाया है। जबकि ई रिक्शा चालक वहां से फरार हो गया। जख्मी युवकों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। जो आईसीयू में भर्ती है। वही मृतक का शव परिजनों के घर पहुँचा तो घर मे कोहराम मच गया। घर के लोगो का रो रो कर बुरा हाल था। मृतक दो भाई में सबसे बड़ा था। उसके पिता शिक्षा सेवक है। जो यूएमएस बेलवा राय खास मे पदस्थापित है। उन्होंने बताया कि कैफ इंटर का छात्र था। वह परिवार का होनहार संतान था। थानाध्यक्ष उमाशंकर मांझी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

