फाइलेरिया से बचाव के लिए आज से खिलाई जाएगी सर्वजन दवा
– सदर अस्पताल में जिलाधिकारी दवा खाकर करेंगे अभियान की शुरुआत
– एचएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा सहित कई विभागों के कर्मियों को दिया गया प्रशिक्षण
मोतिहारी। जिले में फाइलेरिया उन्मूलन चलाए जाने के लिए विभागीय स्तर पर तैयारी कर ली गईं है।जिले भर में यह अभियान 10 फरवरी से शुरू होकर 27 फरवरी 2026 तक कुल 17 दिनों तक संचालित किया जाएगा। ये बातें सिविल सर्जन डॉ दिलीप कुमार ने कही। सदर अस्पताल मोतिहारी से जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल खुद सर्वजन दवा सेवन कर फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे।
10 फरवरी को सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रभारी, सीएचओ के देखरेख मे स्वास्थ्य कर्मियों के द्वारा लोगों को सर्वजन दवा खिलाई जाएगी, वहीं 11 फरवरी को राज्य व्यापी मेगा कैंप के तहत जिले में भी मेगा कैंप लगेगा। इसमें डीए टीम द्वारा माइक्रोप्लान के अनुसार उस क्षेत्र के आंगनबाड़ी सेंटर पर बूथ लगाया जाएगा। इस कैंप में जीविका के एसएचजी मेंबर बूथ पर अपने परिवार और आस पास के लोगों के साथ आएंगी और फाइलेरिया रोधी दवाएं खाएंगी। वहीं कई उप स्वास्थ्य केंद्र मे मुखिया या अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ रोगी हित धारक मंच के सदस्य भी खुद दवा खाके अभियान के प्रचार प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
इस दौरान लोगों को पोस्टर, पम्पलेट्स फोटो, व्हाट्सप्प ग्रुप के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है। ’पहले चरण में 10 फरवरी से 24 फरवरी तक स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर लोगों को दवा खिलाएंगी’ जबकि दूसरे चरण में 25 से 27 फरवरी तक स्कूल, कॉलेज, कार्यालय, फैक्ट्री, ईंट भट्ठा, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थानों पर बूथ लगाकर दवा खिलाई जाएगी।
बैठक में स्वास्थ्य प्रबंधक जियाउल हक, बीसीएम दीपक कुमार ने पीएचसी मे स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षण दिया। मौके पर स्वास्थ्य कर्मी एवं सहयोगी संस्था पिरामल, डब्लूएचओ, सिफार,के प्रतिनिधि मौजूद थे।

