कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई श्रीमद्भागवत कथा, वीआईपी व्यवस्था रही पूरी तरह सुचारू

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई श्रीमद्भागवत कथा, वीआईपी व्यवस्था रही पूरी तरह सुचारू
Facebook WhatsApp


– अनिरुद्धाचार्य को सुनने पहुंच रहे लाखो की संख्या में श्रद्धालु

रक्सौल। हवाई अड्डा मैदान में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ सोमवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुआ। कथा का वाचन प्रसिद्ध कथा वाचक अनिरुद्धाचार्य महाराज द्वारा किया जा रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया।

उल्लेखनीय है कि रविवार को कथा के दौरान श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ उमड़ने से कुछ समय के लिए भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई थी, जिसमें पुलिस को बल प्रयोग महंगा पड़ा। अलबत्ता कोई बड़ी अप्रिय घटना नहीं घटी, लेकिन मामले को गंभीरता से लेते हुए  पुलिस प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया। एसपी के आदेश के आलोक में  अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद ने मौके पर पहुंचकर यज्ञ समिति के पदाधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रशासन के निर्देश पर सोमवार को कथा स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया गया। आयोजन स्थल के चारों ओर बैरिकेडिंग कर दी गई है। श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं, ताकि भीड़ का दबाव एक स्थान पर न बने। इसके अलावा महिला श्रद्धालुओं, बुजुर्गों एवं बच्चों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष प्रबंध किए गए हैं। भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही स्थानीय स्वयंसेवकों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो श्रद्धालुओं को अनुशासन में बैठने और सुरक्षित आवागमन में सहयोग कर रहे हैं। जगह-जगह पुलिस पदाधिकारी निगरानी करते नजर आए। वहीं कथास्थल पर वीआईपी श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्था पूरी तरह सुचारू रही।

वीआईपी प्रवेश द्वार, बैठने की अलग व्यवस्था तथा सुरक्षा कर्मियों की विशेष तैनाती की गई है। प्रशासन की ओर से यह भी सुनिश्चित किया गया कि वीआईपी व्यवस्था के कारण सामान्य श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। अनुमंडल प्रशासन ने स्पष्ट रूप से कहा है कि आगामी दिनों में भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता बरती जाएगी।

किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन और यज्ञ समिति के समन्वय से यह प्रयास किया जा रहा है कि श्रद्धालु शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण कर सकें। कथा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ कथा का श्रवण किया और आयोजन की व्यवस्था की सराहना की।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page