कल्याणपुर में नकली पेट्रोल-डीजल सहित एक गिरफ्तार, सिंडिकेट का भंडाफोड़
– 22 लीटर नकली फ्यूल जब्त, सिंडिकेट को खंगालने में जुटी पुलिस
मोतिहारी। कल्याणपुर के विश्मभरापुर गांव के रवि कुमार के घर में छापेमारी कर पुलिस ने 22 सौ लीटर नकली फ्यूल जब्त किया है। जिसमें पेट्रोल और डीजल शामिल है। इस बीच एक कारोबारी को गिरफ्तार किया गया है।
जिले में पुलिस की यह लगातार दूसरी बड़ी उपलब्धि है, जब नकली लिक्विड ईंधन बनाने के सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया गया है। हरसिद्धि थाना क्षेत्र में भी इसको लेकर पुलिस की कारवाई में नकली डीजल बनाने का खुलासा हुआ था। अब कल्याणपुर थाना क्षेत्र में सिंडिकेट पकड़ा गया है।
पुलिस कप्तान स्वर्ण प्रभात को मिले गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कारवाई की है। सूचना थी कि उक्त गांव में एक जगह काफी कम कीमत पर पेट्रोल डीजल की बिक्री की जा रही है। इसको लेकर पुलिस ने छापेमारी की।
छापेमारी में मौके से लगभग 1980 लीटर पेट्रोल और 220 लीटर डीजल, कुल 22 सौ लीटर नकली पेट्रोल डीजल जब्त किया गया है। 9 ड्राम में पेट्रोल और 1 ड्राम में डीजल रखा गया था। इस पूरे सिंडिकेट को पुलिस खंगाल रही है, माना जा रहा है कि गैंग में कुछ और सदस्य शामिल है जिन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जायेगा। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष विनीत कुमार, एसआई राकेश कुमार, पीएसआई अर्जुन कुमार, सिपाही अंकुर कुमार, सतेंद्र कुमार, चैकीदार गजेंद्र कुमार शामिल थे।

