भारत में लोकतंत्र की जड़ें मजबूत,मतदाता देश के हैं भाग्य विधाता: अपर समाहर्ता

भारत में लोकतंत्र की जड़ें मजबूत,मतदाता देश के हैं भाग्य विधाता: अपर समाहर्ता
Facebook WhatsApp


-राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर जिले भर में आयोजित किए गए कार्यक्रम

मोतिहारी। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर समाहरणालय स्थित डॉ राजेंद्र प्रसाद भवन में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें पदाधिकारी गण, समाहरणालय संबर्ग के कर्मी गण, जिला के मास्टर ट्रेनर्स, बूथ लेवल अधिकारी, जिला के प्रबुद्ध जन मौजूद थे।
पूर्वी चंपारण अपर समाहर्ता  मुकेश कुमार सिन्हा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारत में लोकतंत्र की जड़े बहुत मजबूत है। ऐसा यहां के मतदाताओं की बदौलत है। उन्होंने कहा कि देश के मतदाता ही देश के भाग्य विधाता हैं।आजादी के बाद देश में 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू हुआ। उसके ठीक एक दिन पहले अर्थात 25 जनवरी 1950 को भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना हुई, जो भारत में निर्वाचन प्रक्रिया के महत्व को इंगित करता है।

वर्ष 2011 से भारत निर्वाचन आयोग के द्वारा भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना दिवस को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसका आयोजन मतदान केंद्र स्तर से लेकर जिला, प्रांत एवं राष्ट्रीय स्तर पर किया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाताओं को जागरूक करना है।
अपर समाहर्ता ने कहा कि दुनिया में जितनी भी शासन प्रणाली अपनाई गई उसमें लोकतांत्रिक प्रणाली को सर्वश्रेष्ठ माना गया है।

जहां सरकार चुनने के लिए अधिकार सीधे देश के नागरिकों को दिया गया है।उन्होंने कहा कि मताधिकार सभी अधिकारों में सबसे बड़ा एवं प्रभावी अधिकार है । प्रत्येक नागरिक को मतदान के समय इसका प्रयोग अवश्य करना चाहिए। भारत में लोकतंत्र की जड़े मजबूत है। इसका श्रेय अपर समाहर्ता ने यहां के मतदाताओं को दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव दर चुनाव मतदान प्रतिशत का बढ़ना इसकी ओर इशारा करता है।
 

बताया गया कि अब 1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर चार कट ऑफ डेट हो गया है। जिसका लाभ मतदाता सूची में नाम जुड़वाने में युवा वर्ग के लोग उठा सकते हैं। इसकी प्रक्रिया ऑनलाइन भी कर दी गई है।
 अपर समाहर्ता ने कहा कि यह गौरव की बेला है। 77 वां गणतंत्र दिवस लोकतंत्र और इसकी गरिमा की दृष्टि से जो सफर तय किया है वह शानदार है।

उन्होंने राष्ट्रपति  के हाथों लगातार दूसरे वर्ष पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी को सम्मानित होने के विषय को जिला के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया।  इसके लिए निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी पदाधिकारी एवं जिला के संपूर्ण मतदाताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पूर्वी चंपारण  पुनः गौरवान्वित हो रहा है।

अपर समाहर्ता ने कहा कि पूर्वी चंपारण जिला के चार पदाधिकारियों में उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार, चकिया अनुमंडल पदाधिकारी  शिवानी शुभम, संग्रामपुर बीडीओ अनुराग आदित्य एवं मतदान केंद्र अधिकारी बारेवा ढाका के मुकेश कुमार को आज बिहार निर्वाचन विभाग ने बिहार विधानसभा आम निर्वाचन में उनके बेहतरीन योगदान को लेकर सम्मानित किया है। यह भी पूर्वी चंपारण जिला के लिए गौरव का पल है।

अरेराज के अवर निर्वाचन पदाधिकारी ने  राष्ट्रीय मतदाता दिवस के संबंध में विषय प्रवेश कराया। उन्होंने विशेष पुनरीक्षण अभियान से लेकर बिहार विधानसभा निर्वाचन में जिला की उपलब्धि को बताया। कहा कि जिला में एस आई आर को सफलतापूर्वक कराया गया एवं बिहार विधानसभा आम निर्वाचन में मतदान प्रतिशत में भी अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई।

राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित सभी नागरिकों को मतदाता शपथ दिलाई गई। जिला जनसंपर्क पदाधिकारी  ज्ञानेश्वर प्रकाश ने धन्यवाद ज्ञापित की। कार्यक्रम के दौरान मंच का संचालन अवर निर्वाचन पदाधिकारी सिकरहना (ढाका) विवेक यादव ने किया। इस अवसर पर जिला के मास्टर प्रशिक्षक  नागेंद्र प्रसाद, रमेश कुमार,  शैलेंद्र मिश्रा,  राजीव सिंह भी उपस्थित थे। उन्होंने भी अपने विचार व्यक्त किए।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page