महात्मा गांधी केन्द्रीय विश्वविधालय में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर महिला छात्रावास का उद्घाटन
– बालिकाओं की शिक्षा और सुरक्षा के लिए छात्रावास जरूरी: सांसद
मोतीहारी। महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय में दूर-दराज क्षेत्रों से अध्ययन के लिए आने वाली बालिका विद्यार्थियों की आवासीय आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए ‘लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर महिला छात्रावास’ का उद्घाटन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद राधा मोहनसिंह थे, जबकि अध्यक्षता कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव ने की। सांसद श्री सिंह ने कहा कि अन्य स्थानों से मोतिहारी आकर उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाली बालिकाओं के लिए सुरक्षित और सुव्यवस्थित आवास अत्यंत आवश्यक है। बालिकाओं की शिक्षा और सुरक्षा समाज की साझा जिम्मेदारी है तथा विश्वविद्यालय द्वारा इस आवश्यकता को समझते हुए छात्रावास की सुविधा उपलब्ध कराना एक सकारात्मक कदम है।
कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव ने कहा कि महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय में विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों से बड़ी संख्या में बालिकाएँ अध्ययन हेतु आती हैं। उनकी सुरक्षा, सुविधा और सहज अध्ययन वातावरण सुनिश्चित करना विश्वविद्यालय की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह छात्रावास बालिका विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की एक महत्वपूर्ण आवश्यकता को पूरा करता है।
विश्वविद्यालय के प्रावोस्ट प्रो. प्रणवीर सिंह ने कहा कि छात्रावास जैसी सुविधाएं बालिकाओं को उच्च शिक्षा से जोड़ने और उनकी निरंतरता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इससे छात्राएँ बिना किसी चिंता के अपने अध्ययन पर ध्यान केंद्रित कर सकेंगी।
छात्रावास की वार्डन प्रीति वाजपेयी ने बताया कि छात्रावास में बालिकाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए वाई-फाई, सीसीटीवी निगरानी, मेस, जिम, कैफेटेरिया, रीडिंग रूम, कॉमन रूम सहित अन्य आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं। कार्यक्रम में प्रो. प्रसून दत्त सिंह, प्रो. शिरीष मिश्रा, प्रो. सुजीत चैधरी, प्रो. राजेन्द्र सिंह बदगुजार, प्रो. सुनील कुमार श्रीवास्तव एवं डॉ. शिवेन्द्र सिंह सहित शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं तथा प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।
.

