हरसिद्धि मे सीएसपी की आड़ में साइबर फ्रॉड करने वाले गिरोह का खुलासा,दो फ्रॉड गिरफ्तार।
-आधार में उम्र बढ़ाकर दिला रहे थे वृद्धा पेंशन योजना का लाभ।
-छापेमारी मे 6 फर्जी पासपोर्ट व कई नकली आधार बरामद
हरसिद्धि।थाना क्षेत्र में साइबर फ्रॉड का बड़ा मामला सामने आया है। सीएसपी की आड़ में आधार कार्ड में फर्जी तरीके से उम्र बढ़ाकर लोगों को वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन समेत अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने वाले दो साइबर अपराधियों को पुलिस ने छापेमारी कर गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मधुबन थाना के तस्सरी के आबिद हुसैन के पुत्र मीर आलम व यादोपुर पंचायत के दुदही के शौकत आलम के पुत्र इंसाफर आलम के रूप में हुई है।
हरसिद्धि थाना परिसर मे प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष ऋषभ कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस मे बताया कि
साइबर थाना मोतिहारी और हरसिद्धि पुलिस की संयुक्त छापेमारी में दुदही के शौकत व मधुबन के आबिद के घर छापेमारी की गई। जहां से 6 फर्जी पासपोर्ट, कई नकली आधार कार्ड और अन्य आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए हैं। बरामद पासपोर्ट सुपौल, मुजफ्फरपुर, हरसिद्धि और मधुबन क्षेत्र के बताए जा रहे हैं। प्रशिक्षु डीएसपी ऋषभ कुमार ने बताया कि इंसाफर आलम प्रति फर्जी आधार कार्ड 1200 रूपये वसूलता था। इसमें से 400 रूपये मीर को देता था। जिसके यूं सी एल आईडी से आधार प्रूफ कराया जाता था। इसी फर्जी आधार के सहारे कम उम्र के लोगों की उम्र बढ़ाकर उन्हें वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन व अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा था।
सरकारी राशि के दुरुपयोग की भी जांच की जाएगी।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए पुलिस को पूरे नेटवर्क की जानकारी दी है,डीएसपी ने कहा कि जिन लोगों ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए सरकारी योजनाओं का लाभ लिया है, उनकी भी जांच कर सरकारी राशि के दुरुपयोग के मामले में कार्रवाई की जाएगी।पकडे गए दोनों फ्रॉड को पुलिस न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया जाएगा।छापेमारी दल में साइबर डीएसपी अभिनव पराशर, डीएसपी प्रशिक्षु, थानाध्यक्ष ऋषभ कुमार, दरोगा अविनाश कुमार, दरोगा अर्जुन रविदास सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

