सिवान के डीटीओ के घर भीषण चोरी,पैतृक गांव डुमरा में ताला तोडकर हुई चोरी
कोटवा। थाना क्षेत्र के डुमरा पंचायत के वार्ड नंबर 6 में चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैला दी है। सिवान की परिवहन पदाधिकारी चन्द्रलता पाण्डेय के बंद पड़े आवास को चोरों ने निशाना बनाया।
अज्ञात चोरों ने मेन ग्रिल गेट का ताला तोड़ने के बाद घर के चार कमरों के ताले तोड़े और भीतर रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोर करीब 100 ग्राम सोना का जेवर, 1 किलो चांदी के आभूषण, कीमती कपड़े, जरूरी कागजात और घरेलू बर्तन लेकर फरार हो गए।
घटना के समय घर पूरी तरह से बंद था और हर जगह ताले लगे थे। सूचना मिलने के बाद कोटवा थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। इसी तरह की एक और चोरी की घटना डुमरा गांव में 5 अप्रैल 2025 को भी हुई थी जहां अज्ञात चोरों ने बंद घर का ताला तोड़कर करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोना-चांदी के आभूषण व अन्य सामान की चोरी कर ली थी।
गृहस्वामी इलाज के सिलसिले में बाहर गए हुए थे, इसी दौरान चोरों ने वारदात को अंजाम दिया था।लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोगों ने रात्रि गश्ती बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है। थानाध्यक्ष करण सिंह का कहना है कि सभी मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द खुलासा किया जाएगा।

