रक्सौल बार्डर से गोल्ड स्मगलिंग व साइबर फ्रॉड के वांटेड आरोपी गिरफ्तार
रक्सौल। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित रक्सौल इमिग्रेशन कार्यालय में इमिग्रेशन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गोल्ड स्मगलिंग और साइबर फ्रॉड के एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान बेंगलुरु निवासी दत्तात्रेय बकाले के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, दत्तात्रेय बकाले विदेश जाने के लिए नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (एनओसी) लेने रक्सौल इमिग्रेशन कार्यालय पहुंचा था। इस दौरान उसकी संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए अधिकारियों ने गहन जांच की, जिसमें वह वांछित आरोपी निकला।
बेंगलुरु पुलिस के मुताबिक, दत्तात्रेय के खिलाफ गोल्ड स्मगलिंग और आईटी एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। वह एक अंतरराष्ट्रीय स्मगलिंग गिरोह का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है और लंबे समय से दुबई में रहकर अपने नेटवर्क का संचालन कर रहा था।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी रक्सौल के रास्ते नेपाल होते हुए दुबई फरार होने की योजना बना रहा था। दस्तावेजों की पुष्टि के बाद इमिग्रेशन विभाग ने उसे हिरासत में लेकर हरैया थाना को सौंप दिया। हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार ने बेंगलुरु पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बेंगलुरु पुलिस की टीम थाना पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को हिरासत में लेकर बेंगलुरु के लिए रवाना हो गई।

