ट्रैक्टर की ठोकर से मासूम की मौत, परिजनों में कोहराम
चकिया। शहर के केसरिया रोड में चकिया केसरिया पथ पर ट्रैक्टर की ठोकर से एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका भाई बाल बाल बच गया। मृतक थाना क्षेत्र के देवपुर गांव निवासी निजामुद्दीन के 14 वर्षीय पुत्र मो. अकीब बताया जाता है।
घटना को लेकर बताया गया है कि अकीब अपने भाई अली के साथ साइकिल से बाजार में नए कपड़े खरीदारी के लिए आया था। इसी दौरान एक ट्रैक्टर की टक्कर से दोनों भाई सड़क पर गिर पड़े और अकीब की ट्रैक्टर की चपेट में आने से घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई। जबकि उसका भाई बच गया। घटना के बाद घटना स्थल पर लोगों की भरी भीड़ जमा हो गई।
स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायल अकीब को निजी नर्सिंग होम पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं ट्रैक्टर चालक मौका लाभ उठा कर घटना स्थल से कुछ दूरी पर ट्रैक्टर छोड़ फरार हो गया। पुलिस ट्रैक्टर को जब्त कर ली है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया।

