तीयर नदी की तेज धारा पर ग्रामीणों ने खड़ा किया ‘बांस का पुल’
-जान जोखिम में डालकर छठ घाट पहुंचेंगे हजारों श्रद्धालु
बनकटवा। प्रखंड क्षेत्र के जीतपुर पंचायत के बेला गाँव मे पहारियों से निकलने वाली तीयर नदी की तेज जलधारा के ऊपर ग्रामीणों ने अपने श्रम और सहयोग से बांस-बल्ले का अस्थायी चचरी पुल तैयार किया है। इसी पुल को पार कर बेला जितपुर गांव के छठ व्रती और श्रद्धालु छठ घाट तक पहुंचेंगे।
हैरानी की बात यह है कि पिछले 26 वर्षों से ग्रामीण खुद अपने संसाधनों और श्रमदान के भरोसे इस पुल का निर्माण करते आ रहे हैं, लेकिन स्थायी पुल की समस्या अब भी बनी हुई है। छठ महापर्व को लेकर बेला जितपुर गांव में ग्रामीणों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। तीयर नदी की तेज धारा के ऊपर बांस-बल्ले जोड़कर चचरी पुल बनाया जा रहा है। नदी के कटाव के कारण गांव की बड़ी आबादी को पूजा-पाठ और छठ वर्तियों के लिए दूसरे किनारे जाना पड़ता है।
ग्रामीण सह राजद युवा प्रखंड अध्यक्ष शिवशंकर यादव ने बताया कि पिछले 26 वर्षों से गांव के लोग आपसी सहयोग और श्रमदान से हर साल इस अस्थायी पुल का निर्माण करते आ रहे हैं। ग्रामीणों ने अपनी जरूरत को देखते हुए सरकारी व्यवस्था का इंतजार करने के बजाय खुद ही रास्ता तैयार करने की जिम्मेदारी उठा रखी है। चचरी पुल निर्माण में शिवशंकर यादव, सुरेन्द्र यादव, मनोज भगत, बिकाऊ मियां, मुकेश पंडित, सुखाड़ी राय, उमेश राय, धर्मेन्द्र यादव, शम्भू ओझा, मुरारी ओझा तथा भोला यादव का प्रमुख योगदान है।

