सूर्य उपासना का महाव्रत छठ नहाय-खाय के साथ आज से शुरू
बनकटवा। लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। छठ व्रती आज आम की दातून से दांत साफ कर पवित्र नदी, पोखर एवं तालाब में स्नान करने के बाद अरवा चावल, अरहर की दाल और लौकी की सब्जी का प्रसाद ग्रहण कर महापर्व की शुरुआत करेंगे।
इसके बाद शनिवार को व्रती दिनभर निर्जला उपवास रखकर शाम को खरना की रस्म पूरी करेंगे। इस अवसर पर साठी के चावल और गुड़ से बनी खीर सूर्यदेव को अर्पित कर पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद व्रती स्वयं प्रसाद ग्रहण करेंगे। खरना के बाद छठ व्रती लगभग 36 घंटे का निर्जला उपवास रखेंगे।
इस दौरान रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य और सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के बाद व्रत का पारण करेंगे। महापर्व को लेकर बाजारों और विभिन्न छठ घाटों पर चहल-पहल काफी बढ़ गई है। पूजा सामग्री की खरीदारी के लिए बाजारों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। वहीं, छठ घाटों की साफ-सफाई एवं तैयारियों में भी तेजी देखी जा रही है।

