भोपतपुर में हथियार के साथ युवक गिरफ्तार
कोटवा। भोपतपुर थाना क्षेत्र में वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार की रात्रि केसरिया से कोटवा की ओर जा रहे एक युवक को पुलिस ने एक देसी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान विकास कुमार, पिता शंकर साह, निवासी महमदा, थाना मेहसी के रूप में की गई है।
थानाध्यक्ष विकास कुमार के अनुसार नियमित वाहन जांच के क्रम में संदिग्ध अवस्था में आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार को रोका गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने उसके पास से नीले रंग की अपाची मोटरसाइकिल, जिसका पंजीकरण संख्या बीआर05बीसी -2515 है, को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक हथियार लेकर कहां जा रहा था और किस आपराधिक घटना को अंजाम देने के फिराक में था। पुलिस गिरफ्तार युवक के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

