नीट छात्रा की संदिग्ध मौत के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन

नीट छात्रा की संदिग्ध मौत के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन
Facebook WhatsApp

पटना। पटना में नीट की तैयारी कर रही जहानाबाद की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और राज्य में महिलाओं व बच्चियों की सुरक्षा को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को इनकम टैक्स चौराहा पर विरोध प्रदर्शन किया।इस दौरान राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावारू ने कहा कि राजग शासन में महिलाओं और बच्चियों की स्थिति लगातार बदतर होती जा रही है। छात्राओं की सुरक्षा को लेकर हमेशा भय का माहौल बना रहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की भाजपा-जदयू सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है और किसी भी गंभीर घटना के बाद पुलिस प्रशासन पर दबाव डालकर कार्रवाई की गति धीमी कर दी जाती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर है और छात्रा को न्याय दिलाने के लिए जहानाबाद से पटना तक लगातार आंदोलन कर रही है। उप मुख्यमंत्री सह गृह विभाग का प्रभार संभाल रहे सम्राट चौधरी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वे मीडिया में कानून-व्यवस्था और बुलडोजर एक्शन को लेकर बयान देते रहते हैं, जबकि सच्चाई यह है कि राजधानी पटना ही महिलाओं और बच्चियों के लिए सुरक्षित नहीं है। उन्होंने प्राथमिकी दर्ज करने में देरी और हॉस्टल संचालिका से पूछताछ के बाद छोड़ दिए जाने पर भी सवाल उठाए।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने इस मौके पर कहा कि राजधानी के पॉश इलाके में इतनी गंभीर घटना होने के बावजूद राजग शासन की पुलिस अबतक आरोपितों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। उन्होंने शंभू गर्ल्स हॉस्टल कांड में हॉस्टल संचालक अग्रवाल दंपत्ति और उनके पुत्र की गिरफ्तारी न होने पर सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों द्वारा साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया गया, फिर भी न तो गिरफ्तारी हुई और न ही अस्पताल को सील किया गया।

विधान परिषद में कांग्रेस दल के नेता डॉ. मदन मोहन झा ने सवाल उठाया कि जांच प्रक्रिया इतनी धीमी क्यों है? क्या मामले को दबाने या रसूखदार आरोपियों को बचाने की कोशिश की जा रही है? उन्होंने कहा कि आरोपितों को साक्ष्य मिटाने का समय देना राज्य की कानून-व्यवस्था की वास्तविक स्थिति को उजागर करता है।

कांग्रेस के प्रभारी सचिव शाहनवाज आलम ने कहा कि यदि जांच निष्पक्ष है, तो आरोपितों की गिरफ्तारी में देरी क्यों हो रही है? वहीं प्रभारी सचिव सुशील कुमार पासी ने कहा कि सरकार को यह भरोसा दिलाना होगा कि कानून के सामने सभी बराबर हैं, चाहे आरोपित कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो।

प्रदर्शन में विधान परिषद में कांग्रेस दल के नेता डॉ. मदन मोहन झा, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव सह बिहार प्रभारी सुशील कुमार पासी, शाहनवाज आलम, विधायक अबिदुर रहमान, मनोज विश्वास, अभिषेक रंजन, सुरेंद्र कुशवाहा, मीडिया चेयरमैन राजेश राठौड़ तथा पूर्व मंत्री वीणा शाही सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page