युवक की गोली मार कर हत्या,पुलिस ने दो संदिग्धो को लिया हिरासत में
पूर्वी चंपारण। जिले के लखौरा थाना क्षेत्र के गोला पकड़िया स्कूल के फील्ड में सोमवार की सुबह अपराधियो ने एक युवक को गोली मार कर घायल कर दिया। जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।मृत युवक की पहचान महुआवा थाना क्षेत्र के कटगेनवा गांव निवासी राजेश यादव के 22 वर्षीय पुत्र सुमन यादव उर्फ बिक्की के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायल विक्की को तत्काल मोतिहारी सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।जहां रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अपराधियो ने उसके कनपटी में गोली मारी थी। वही घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर गठित टीम ने महज दो घंटे के अंदर ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए दो संदिग्ध अपराधियो को हिरासत में लिया है। जिससे पूछताछ की जा रही है।

घायल युुवक के परिजनों ने बताया कि सुमन उर्फ विक्की को एक दिन पहले घोड़ासहन थाना पुलिस ने पूछताछ के लिए बुलाया था, जिसके बाद वह घर नहीं लौटा था। सोमवार सुबह जब वह कहीं जाने के लिए निकला, तो गोला पकड़िया स्कूल के सामने पहले से घात लगाए अज्ञात अपराधियों ने उस पर गोली चला दी।
लखौरा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने इस मामले में जानकारी देते हुए बताया कि मृत युवक सुमन उर्फ विक्की का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ लूट और चोरी सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जो मुफस्सिल, महुअवा और लखौरा सहित अन्य थानों में पंजीकृत हैं।
एसपी ने आशंका जताई है कि घटना के पीछे आपसी रंजिश या कोई पुराना विवाद हो सकता है। उन्होने बताया कि पुलिस की टीम लगातार कारवाई में जुटी है,जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर लिया जायेगा और दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है, पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

